खेतासराय। नगर पंचायत कार्यालय सभागार में बुधवार को चेयरमैन वसीम अहमद की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें सभासदों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। घंटों चली चर्चा के बाद नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए अनुमानित 38 लाख 80 हजार रुपये का बजट पास किया गया। बैठक शुरू होते ही सभासद सलीम अहमद, विवेक यादव और सतीश यादव ने पिछली बोर्ड बैठक की सूचना न देने का मुद्दा उठाया। इस पर चेयरमैन ने कहा कि कोरम पूरा न होने के कारण बैठक नहीं हो सकी थी। सभासदों ने सवाल किया कि जब बैठक नहीं हुई तो कार्यवाही रजिस्टर कार्यालय से बाहर लकड़ी टाल पर कैसे गया। चेयरमैन ने इस संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया। सभासदों ने इस पूरे मामले को वर्तमान कार्यवाही रजिस्टर में दर्ज करने की मांग की। दोषी कर्मचारी पर कानूनी कार्रवाई के लिए आवाज उठाई जिस पर काफी देर तक बहस होती रही। अधिशाषी अधिकारी अलका मौर्या लगातार सभासदों से बैठक की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध करती रहीं। काफी देर बाद माहौल शांत होने पर बोर्ड बैठक की कार्रवाई शुरू हो सकी। बैठक में सात बिंदुओं पर चर्चा की गई। ईओ अलका मौर्या ने बताया कि बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए प्रस्तावित 38.80 लाख रुपये के अनुमानित बजट को मंजूरी दी गई। बैठक में एजाज अहमद, भाईलाल सोनकर, विनीता मौर्या, बेगम बानो, साहिना, रुखसाना, पूनम, अमित सोनकर, शुभम जायसवाल आदि मौजूद रहे।