जौनपुर। जिला योजना इस बार सड़क व पुल निर्माण पर अधिक धनराशि खर्च करने का प्रस्ताव किया गया है। जिला योजना समिति की रविवार को हुई बैठक में सात अरब 31 करोड़ 20 लाख रुपये की कार्ययोजना को हरी झंडी दे दी गई। इसमें अकेले दो अरब 47 करोड़ रुपये सड़क व पुल निर्माण पर खर्च करने का प्रस्ताव किया गया है। इसके अलावा कृषि, नगरीय पेयजल, मनरेगा, चिकित्सा स्वास्थ्य, ग्रामीण स्वच्छता व शिक्षा पर भी अधिक धनराशि खर्च करने का प्रस्ताव है। जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला योजना को सर्व सम्मति से पारित कर दिया गया। चालू वित्तीय वर्ष की जिला योजना में विभिन्न विकास कार्यों के लिए सात अरब 31 करोड़ 20 लाख रुपये का परिव्यय निर्धारित किया गया है। इसमें कृषि के लिए 1707.68 लाख रुपये, मनरेगा के तहत रोजगार देने के लिए 15548.75 लाख रुपये, सड़क व पुल निर्माण के लिए 24700.39 लाख रुपये, नगरीय पेयजल के लिए 497.6 लाख रुपये, चिकित्सा व स्वास्थ्य से संबंधित कार्यों के लिए 396.68 लाख रुपये, ग्रामीण स्वच्छता से जुड़े कार्यों पर 1800 लाख रुपये खर्च की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पेंशन व छात्रवृत्ति के लिए 5934.70 लाख रुपये, ग्रामीण आवास के लिए 10268.39 लाख रुपये और शिक्षा से संबंधित कार्यों के लिए 6753.59 लाख रुपये खर्च की व्यवस्था की गई है। जिला योजना समिति की रविवार को हुई बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों सर्व सम्मति से इसे मंजूरी दी। इसे शीघ्र ही जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेजा जाएगा।