जौनपुर। 98 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी कार्यालय में शहीदों को शत शत नमन कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जौनपुर के शहीदों के परिजनों को प्रधानमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। हवलदार शहीद गिरधारी लाल यादव जो निवासी अभयचंद पट्टी, पोस्ट कालीचाबाद जो ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान आतंवादियों की गोलाबारी और कड़े मुकाबले का सामना करते हुए अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए शहीद हो गए थे। सरकार की ओर से उन्हें शौर्य चक्र से भी सम्मानित किया गया।
लांस नायक सती राम ने ऑपरेशन रक्षक में उल्लेखनीय योगदान दिया। ऑपरेशन मेघदूत के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते इन्हे वीरगति प्राप्त हुई। नायक राकेश कुमार सिंह सितंबर 2004 में असम में देश की रक्षा करते हुए शहादत प्राप्त की। आपके पुत्र अश्वनी सिंह फिरोजपुर पंजाब में सेना में कार्यरत हैं। बटालियन के कमान अधिकारी गोविंद सिंह कन्याल ने समस्त शहीद के परिवारों को प्रधानमंत्री की ओर से प्राप्त मेमेंटो शहीदों के परिजनों को भेंट करते हुए कहा कि देश यह बलिदान सदैव याद रखेगा। इस अवसर पर मेजर आरपी सिंह, कैप्टन सुरेश कुमार पाठक एवं कैप्टन शिव शंकर मिश्र और बटालियन के समस्त सैन्य और सिविल कर्मचारी तथा एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।