जौनपुर: पूर्वांचल विश्वविद्यालय की परीक्षा में 95 फीसदी छात्र हुए पास- कुलपति
कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने कहा कि छात्रों को श्रेणी सुधार और बैक पेपर परीक्षा का मौका मिलेगा। साथ ही उन्होंने उत्तीर्ण छात्रों को बधाई दी और अनुत्तीर्ण छात्रों को निराश न होने की सलाह दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर के पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने कहा कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों का रिजल्ट बेहतर रहा है। परीक्षा में करीब 95 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। उन्होंने उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को बधाई दी। अनुत्तीर्ण छात्रों को निराश न होने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि छात्रों को श्रेणी सुधार और बैक पेपर परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही उन सभी विद्यार्थियों को एक मौका देने जा रहा है जो विद्यार्थी श्रेणी सुधार करना चाहते हैं, अथवा बैक पेपर देना चाहते हैं, उन्हें यह मौका सभी प्रश्न पत्रों के लिए दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का ध्येय है कि सभी विद्यार्थी समय पर अपनी परीक्षाओं का फार्म भरते हुए अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हों और वह किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति में न रहें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा परिणामों को लेकर किसी के बहकावे में ना आएं। कुछ विद्यार्थी अपने रोल नंबर और प्रश्नपत्र चयन का भी ध्यान नहीं देते कि फार्म में क्या भरा गया है। इसकी वजह से परीक्षाफल का सॉफ्टवेयर मिस मैच करता है और परीक्षाफल आईएनसी (अपूर्ण) दर्शाता है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में ऐसी गलती न करने की हिदायत दी है।
विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के परीक्षाफल को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि छात्रों से वार्ता के दौरान छात्रों के मांगपत्र पर कार्रवाई कर रिजल्ट का पुनर्परीक्षण किया जा रहा है। उनकी जायज मांगें मान ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में इस वर्ष नई कोडिंग-डिकोडिंग व्यवस्था लागू करने के कारण परीक्षाफल पूर्णतया पारदर्शी हुआ है ।