जौनपुर। जिले में बीते दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। आपदा विभाग का अनुमान है कि सोमवार की सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे में 38.4 मिमी बारिश हुई है। दोपहर लगभग एक बजे तक हुई बारिश के बाद शहर के प्रमुख सड़कों, गलियों और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया।
जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से आवागमन में राहगीरों को परेशानी हुई। बारिश के कारण मियांपुर पुलिस चौकी, कलेक्ट्रेट गेट और रामपुर थाने तक जलभराव हो गया था। कालीकुत्ती, रुहट्टा, ईशापुर, एलआईसी कार्यालय के पीछे गली में, चांदमारी के पीछे की गली सहित कई मोहल्लों में जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। रुहट् टा और तारापुर कॉलोनी में नालियों का मलबा सड़क पर फैल गया था। बारिश से धान की फसल को फायदा मिला है। खेतों में हरियाली लौटने से किसानों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। 972.6 मिली के सापेक्ष सिर्फ 161.99 मिमी हुई बारिश: आपदा विभाग के अनुसार जिले में इस साल सामान्य रूप से 972.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। अब तक सिर्फ 161.99 मिमी वर्षा हुई है। यानी सामान्य बारिश की तुलना में करीब 83.3 फीसदी कम बरसात इस साल हुई है।