फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jaunpur News ›   पैसा व बोरा के अभाव में अधिकांश केंद्रो पर बंद है गेहूं की खरीद

पैसा व बोरा के अभाव में अधिकांश केंद्रो पर बंद है गेहूं की खरीद

Tue, 08 May 2018 11:55 PM IST
Updated Tue, 08 May 2018 11:55 PM IST
विज्ञापन
पैसा व बोरा के अभाव में अधिकांश केंद्रो पर बंद है गेहूं की खरीद
डंप गेहूं

विज्ञापन
जौनपुर। जिले में इस समय लगभग 107 क्रय केंद्रों पर पैसा व बोरा नहीं है। वहीं गोदामों में गेहूं नहीं जाने से क्रय केंद्रों पर ही लाखों रुपये का गेहूं डंप पड़ा हुआ है। जिससे किसान बिचौलियों को गेहूं बेचने को विवश हो रहे हैं। बिचौलिये भी किसानों से कम दाम पर गेहूं खरीद कर क्रय केंद्रों पर बेच रहे हैं। किसानों का सात करोड़ 27 लाख 26 हजार 500 रुपये भुगतान नहीं किया गया है। पैसे लेने के लिए किसान क्रय केंद्रों का चक्कर काट रहे हैं।
जिले में 62 हजार एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। गेहूं की खरीद करने के लिए आठ एजेंसियों के 139 क्रय केंद्र खोले गए हैं। साथ ही एक अप्रैल से गेहूं की खरीद करने का कार्य शुरू किया गया है। एक माह आठ दिन बीत जाने के बाद क्रय केंद्रों द्वारा 37 करोड़ 60 लाख 78 हजार 900 रुपये का 21 हजार 551.63 एमटी गेहूं की खरीद की गई है। लेकिन गेहूं का उठान नहीं होने के कारण क्रय केंद्रों पर ही खरीदे गए गेहूं डंप पड़े हुए हैं। वहीं इस समय लगभग 107 क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीदने के लिए बोरा व पैसा नहीं है। जिसमें पीसीए के 97, एनसीसीएफ के तीन, एग्रो के चार व नैफेड के तीन केंद्र हैं। जिससे क्रय केंद्रों द्वारा किसानों से गेहूं की खरीद नहीं की जा रही है। किसान भी गेहूं नहीं खरीदे जाने के कारण मायूस होकर बिचौलियों को औने पौने दाम पर ही बेचने को विवश हो रहे हैं। वहीं बिचौलियों की चांदी भी कट रही है। हालत यह है कि बिचौलिया किसानों से औने पौने दाम पर गेहूं खरीद कर क्रय केंद्रों पर खुद बेच रहे हैं। जिससे क्रय केंद्रों को दिया गया लक्ष्य भी पूरा नहीं हो रहा है।
विज्ञापन

पीसीएफ के साधन सहकारी समिति बंश गोपालपुर पर मंगलवार को दोपहर में केंद्र प्रभारी अजय सिंह मौजूद तो थे लेकिन लेकिन उठान नहीं होने से क्रय केंद्र में गेहूं भरा हुआ था। खरीदे गए गेहूं को किराए के रूम में रखा गया था। उन्होंने बताया कि लगभग चार-पांच दिन से बोरा व पैसे की मांग की गई है। लेकिन अभी तक पैसा व बोरा उपलब्ध नहीं कराया गया है। जिससे गेहूं की खरीद बंद कर दी गई है। अब तक 25 किसानों का 17 लाख 45 हजार रुपये का एक हजार कुंतल गेहूं खरीदा गया है। लेकिन अभी तक महज चार लाख रुपये ही मिला है। अभी भी 13 लाख 45 हजार रुपये किसानों का भुगतान बकाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मडियाहूं: दोपहर बारह बजे यूपी एग्रो गेहूं क्रय केंद्र मडियाहूं में वहां केंद्र प्रभारी अजीत सिंह मौजूद नहीं मिले। सिर्फ चौकीदार सुदामा पटेल किसानों का गेहूं खरीद रहे थे। चौकीदार सुदामा ने बताया कि तीन हजार कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 1770 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है। 800 कुंतल गेहूं गोदाम पर भेजा जा चुका है। शेष 970 कुंतल गेहूं क्रय केंद्र पर डंप पड़ा है।
बदलापुर / घनश्यामपुर: बदलापुर के विपणन केंद्र पर गेहूं डंप रहने के कारण खरीद बंद है। क्रय केन्द्र पर लक्ष्य तीन हजार कुंतल के सापेक्ष अभी तक डेढ़ हजार कुंतल की खरीदारी की जा चुकी है ।
सिंगरामऊ : पीसीएफ के साधन सहकारी समिति रजनीपुर एवं साधन सहकारी समिति केवटली कला गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरा व पैसा नहीं रहने से गेहूं की खरीद बंद है। वहीं उठान नहीं होने से गेहूं भी ठप पड़ा हुआ है । समिति के सचिव बीर बहादुर सिंह ने बताया कि रजनीपुर समिति पर ढाई हजार कुंतल गेहूं 43लाख में खरीदा गया है। जिसमें 15लाख का भुगतान किया जा चुका है। अभी भी 28 लाख बाकी है । इसी तरह केवटली कला क्रय केंद्र पर एक हजार कुंतल गेंहू खरीदा गया है। 10 लाख रुपये का भुगतान नहीं हो सका है।
बरसठी: साधन सहकारी समिति दतांव में बोरा व पैसा नहीं रहने से खरीद बंद हैं। केंद्र प्रभारी राजेंद्र तिवारी ने बताया कि सोमवार से गेहूं खरीद बोरे व पैसे के अभाव में बंद कर दिया गया है। अब तक 90 किसानों से 2500 कुंतल का गेहूँ खरीदा जा चुका है। जिसमें अभी 25 लाख रुपया किसानो का भुगतान करना है।
बक्सा: सहकारी समिति सुजियामऊ पर बोरा व पैसा का अभाव है। गेहूं केंद्र के बाहर भी पड़ा है। खरीदे गए गेहूं की उठान न होने से खरीदारी बंद है। किसान शिवशंकर सिंह, मैनबहादुर, ठाकुर प्रसाद और परमानंद सिंह ने बताया कि पैसा अभी तक नहीं मिल पाया है, जबकि किसान कृपाशंकर उपाध्याय, बसन्तु ओमप्रकाश का कहना था कि उनका गेहूं केंद्र के बाहर पड़ा है। समिति के सचिव बीर अजय सिंह ने बताया कि सुजियामऊ समिति पर करीब 39 लाख का गेहूं खरीदा गया है, जिसमें मात्र 13 लाख भुगतान हुआ है।

बंद हो गई खरीद
मछलीशहर। क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं के भंडारण की समस्या के चलते खरीद बंद हो गई है। इसको लेकर जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने सोमवार को क्रय केंद्र प्रभारियों की बैठक की। तहसील क्षेत्र में 25 क्रय केंद्रों को एक लाख 65 हजार कुंतल गेहूं क्रय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक 47 हजार 398.50 कुंतल गेहूं की खरीद की गई है। जिसमें से 19 हजार 618 कुंतल गेहूं को गोदाम में भेजा जा चुका है। जबकि भारतीय खाद्य निगम के गोदाम में अभी तक 27 हजार 780.50 कुंतल गेहूं गोदाम में डंप पड़ा है। क्रय केंद्रों पर एफसीआई के ठेकेदारों द्वारा उठान न करने के कारण समितियों के गोदाम भरते जा रहे हैं। जिससे गेंहूं की खरीद बंद हो गई है। एसएमआई आरपी यादव ने बताया कि जल्द ही कोई समाधान खोजा जायेगा। जिससे किसानों के गेहूं की खरीद हो सके।


जिन एजेंसियों के क्रय केंद्रो पर बोरा व पैसा नहीं है। उनको तत्काल पैसा व बोरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा गेहूं भंडारण के लिए पुरानी बाजार व शाहगंज स्थित पीसीएफ के गोदाम पर खरीदे गए गेहूं को भेजने का कार्य किया जा रहा है। सभी क्रय केंद्रों को गेहूं की खरीद करने का निर्देश दे दिया गया है।
महेश कुमार श्रीवास्तव
जिला खाद्य विपणन अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed