बदलापुर। बढ़ते डेंगू के संक्रमण पर काबू पाने के लिए नगर समेत आसपास के इलाके में रविवार को डबल बैरल टैंकर से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने सफाई कर्मचारियों की टीम को बढ़ा दिया है। पहले नगर क्षेत्र में छह टीमों में 30 लोग शामिल थे, अब छह और टीमें बढ़ा दी गई हैं। छह टीमें सफाई करेंगी और छह टीमें एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग करेंगी।
छिड़काव के लिए एक डबल बैरल वाली मशीन मछलीशहर नगर पंचायत से मंगाई गई। ग्राम पंचायतों में भी दवा का छिड़काव तथा फॉगिंग सहायक विकास अधिकारी पंचायत रणजीत सिंह के माध्यम से कराया जा रहा है। मरगूपुर, बहरीपुर कला, अर्जुनपुर, खालिशपुर, डड़वा, रूपचंदपुर, दयालपुर, सिंघावल तथा सिंगरामऊ में छिड़काव कराया जा रहा है। रविवार को 11 वें दिन भी बदलापुर में जिला स्तरीय टीम डटी रही। टीम ने पंपिंग सेट की टंकी, कूलर, फ्रीज, चाय की दुकानों पर फेंके गए कुल्हड़ आदि के लार्वा को नष्ट किया। टीम के सदस्यों ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक भी किया। टीम में डीएमओ डॉ. बीपी सिंह, सहायक डीएमओ राजेश कुमार पांडेय, मलेरिया निरीक्षक चंद्रेश पटेल, फाइलेरिया निरीक्षक कृष्ण प्रताप दुबे, इंद्रजीत सिंह, शिवशंकर, रामरूप मौजूद रहे। सीएचसी पर रविवार को डेंगू की जांच बंद रही। अब रविवार और सोमवार दो दिन की जांच रिपोर्ट सोमवार को मिलेगी। सोमवार को डेंगू पाजिटिव की स्थित का मूल्यांकन किया जाएगा।