जौनपुर। जिले में बुधवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप अख्तियार कर लिया। दोपहर तक पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद शाम 5 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 27 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस दौरान आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि ने पूरे जिले, विशेषकर मछलीशहर तहसील और भदोही बॉर्डर से सटे इलाकों में भारी तबाही मचाई है। मछलीशहर-वाराणसी हाईवे समेत मोलनापुर से जंघई, गोधना-जरौना और बंधवा बाजार-भटहर मार्ग पर दर्जनों पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। मीरगंज, जरौना, बंधवा बाजार, गोधना और जंघई क्षेत्र में आधे घंटे तक चले बवंडर से कई घरों के टीन शेड उड़ गए। सवैया गांव में अशोक यादव के घर के पास एक पुराना नीम का पेड़ गिरने से उसके नीचे बंधा बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। आंधी के कारण हाईटेंशन और एलटी लाइनों पर पेड़ों की डालियां गिरने से बिजली के खंभे उखड़ गए। सुजानगंज बाईपास पर भी पोल उखड़ने से आपूर्ति ठप हो गई। जंघई और गोपालापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 72 से अधिक गांवों में पूरी तरह अंधेरा छा गया है। बिजली निगम के एसडीओ आदित्य मारकंडे ने बताया कि आंधी से भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल क्षतिग्रस्त खंभों की संख्या का पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से बिजली काट दी गई है और अगले 48 घंटों तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना नहीं है।

अजय यादव बरावां के घर पर गिरा पेड़। संवाद- फोटो : Archive

अजय यादव बरावां के घर पर गिरा पेड़। संवाद- फोटो : Archive