कदौरा। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय सजेहरा में छात्र-छात्राओं की पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें भाग लेने वाले बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया है।
एडीएम विशाल कुमार नमामि गंगे के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक जल पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को पीएमसी, आरटी एसोसिएट के सोशल एक्सपर्ट श्याम नारायण व यूनोप्स के देवेन्द्र गांधी ने ग्राम सजेहरा के परिषदीय विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कराया। इसमें छात्र-छात्राओं ने पोस्टर बनाकर जल संरक्षण के तरीके बताए। बेहतर पोस्टर बनाने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। देवेंद्र गांधी ने कहा कि हर घर जल नल योजना के माध्यम से पानी की कमी को दूर किया जाएगा। दिसंबर 2022 तक जालौन जनपद के चिह्नित ग्राम पंचायतों के सभी घरों तक पीने का पानी पहुंचने लगेगा। अभी तक पचास से अधिक गांवों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति करने पर कार्य चल रहा है। इस दौरान मेनका, रामश्री, उमा, पीयूष, गुजन, रिया, रिचा सहित छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।