मुहम्मदाबाद। विकासखंड परिसर पर क्षेत्र पंचायत की खुली बैठक शनिवार को हुई। इसमें क्षेत्र में कच्चे-पक्के कार्यों में 1.82 करोड़ रुपये की लागत के निर्माण कार्यों की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। बैठक में गोवंश और गोशालाओं की अव्यवस्था का मुद्दा छाया रहा। ब्लॉक प्रमुख नेहा यादव ने कहा कि वर्ष 2021-22 की कार्ययोजना में सदस्यों द्वारा जो भी सुझाव आए है, उन्हें कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोशालाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाए। अन्ना मवेशियों से खेतों में बुवाई को परेशानी हो रही है। इस पर विशेष गौर किया जाए।
खंड विकास अधिकारी बृजकिशोर कुशवाहा ने सरकार की संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मनरेगा से भूसा घर बनवाएं जाएंगे। सभी मजदूरों को रोजगार दिया जाएगा। मजदूर श्रमिक पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवा ले ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। एडीओ पंचायत बलवीर सिंह सेंगर ने कहा कि सभी प्रधानों को जल्द पंचायत सहायक मिलेंगे। इससे प्रधानों को मनरेगा से होने वाले कार्यों में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रधानों को निर्देश दिए गए कि गांव में बने सामुदायिक शौचालय की साफ सफाई का विशेष ध्यान दें। गांव में लगे हैंडपंपों की मरम्मत करवाएं। अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवास में को जल्द पूरा करें। इस दौरान रमेश उदैनिया, नौशाद अली, मेहरबान सिंह, अभिनव पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी मुक्तेश गुप्ता, सीडीपीओ कमलेश सोनी, चिकित्साधिकारी डॉ इदरीश आदि मौजूद रहे।