कदौरा। नगर में डूडा के बने आवासों का गुरुवार को परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी और ईओ सुनील कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। पीडी ने अवैध रूप से रहने वालों को हटाने तथा दूसरी किस्त जमा न करने वाले का आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए।
नगर के बेरी रोड में आईएचएसडीपी ने पूर्व में 156 आवासों का निर्माण कराया गया था। इसमें से 54 आवास लाभार्थियों को आवंटित किए गए थे। लाभार्थियों ने पहली किस्त के रूप में 12500 रुपये जमा किए थे। पर कई लाभार्थियों ने दूसरी किस्त जमा नहीं की। इसकी लगातार शिकायतें मिलने पर गुरुवार को परियोजना निदेशक डूडा अखिलेश तिवारी ने नगर पंचायत ईओ के साथ आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान आवासों के खिड़की, दरवाजे टूटे एंव गंदगी मिलने पर पीडी ने नाराजगी जताई। नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने कार्य को पूरा नहीं किया गया है। लाभार्थियों को सर्द रातों में बगैर खिड़की दरवाजों के साथ रहना पड़ रहा है। शौचालय भी अधूरे पड़े हैं। आवासों में नगर के लोगो के अलावा बाहरी लोग भी अवैध रूप से रह रहे हैं, जिनको पूर्व में नोटिस भी जारी की गई थी। परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी ने बताया कि दूसरी किस्त जमा करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। अगर बकाया जमा नही किया तो उनका आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। अगर इस बार पात्रता सूची पूर्ण नहीं हुई तो शेष आवासों को 1500 रुपये मासिक किराए में आवंटित किया जाएगा। जल्द अधूरे कार्यों को पूरा कराया जाएगा। इस दौरान डूडा जेई सुशील कुमार, सभासद प्रतिनिधि रवि प्रजापति, बबलू अग्रवाल आदि मौजूद रहे।