उरई। खेत के किनारे सड़क पर खड़ी किसान की बाइक लेकर भाग रहे चोर को किसानों ने पीछा कर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पकड़े गए वाहन चोर की निशानदेही पर चार अन्य अंतरराज्यीय वाहन चोरों को पकड़कर उनके पास से चोरी की आठ बाइकों को बरामद किया। गैंग के तीन सदस्यों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को अंतरराज्यीय वाहन चोरों का खुलासा करते हुए एसपी रवि कुमार ने बताया कि शनिवार को किसान की बाइक चुराकर भाग रहे चोर को किसानों ने बाइक समेत पकड़कर पुलिस को सौंपा था। कोंच कोतवाली पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वाहन चोर रामजी सोनी निवासी लुहारी थाना समथर झांसी, आमिर खान, ताजुउद्दीन उर्फ ताज दोनों निवासी दबोह भिंड मध्यप्रदेश, संजीव यादव निवासी गोखले नगर कोंच, राघवेंद्र निवासी रामपुरा को सुरजन फार्म हाउस महेशपुरा बाइपास रोड कोंच से रविवार को पकड़ लिया। उनके पास से पुलिस को आठ चोरी की बाइकें बरामद हुई। गैंग के तीन सदस्य अखिलेश गुरसरायगंज कन्नौज, मुकेश चुर्खी, लल्लू उर्फ ओमनारायण निवासी दमोह भिंड मध्यप्रदेश भाग गए। पकड़े गए चोरों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह बाइक चोरी कर आसपास के जनपदों में बेच देते थे। पकड़े गए तीनों चोरों पर आपराधिक मामले भी दर्ज है। एसपी का कहना है कि पकड़े गए लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।