{"_id":"58c98aa34f1c1b194132a0a5","slug":"board-examinations-begin-today-at-95-centers","type":"story","status":"publish","title_hn":"95 केंद्रों पर आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
95 केंद्रों पर आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू
ब्यूरो, अमर उजाला जालौन
Updated Thu, 16 Mar 2017 12:10 AM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक
- फोटो : अमर उजाला
जनपद के 95 परीक्षा केंद्रों पर आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। कुल 49,624 परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली हैं। बुधवार को पूरे दिन केंद्रों के बाहर सीटिंग व्यवस्था की स्लिप चस्पा होती रही।
विज्ञापन
इसे देखने के लिए परीक्षार्थियों का भी जमावड़ा लगा रहा। कई कालेजों में हाईस्कूल और इंटर के प्रवेशपत्र भी बांटे गए। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि गुरुवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल और दोपहर की पाली में इंटर के परीक्षार्थियों की हिंदी प्रथम की परीक्षा होगी। नकल रोकने के लिए चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। पुलिस फोर्स भी केंद्रों पर तैनात रहेगी।
विज्ञापन
डीआईओएस ने बुधवार को विभागीय टीम के साथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। केंद्रों के ब्लैक बोर्ड पर कालिख पोती गई और कहीं-कहीं कागज तक चस्पा कराए गए। इसके अलावा जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उन्हें भी चेक किया गया। डीआईओएस ने बताया कि विभाग के छह उड़दस्ते और करीब 22 सचल दस्ते हर 15-20 मिनट के अंतराल में केंद्रों के निरीक्षण करेंगे। पर्याप्त पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
विज्ञापन
केंद्र में परीक्षार्थी व कक्ष निरीक्षकों के लिए मोबाइल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कुल 4000 कक्ष निरीक्षक गुरुवार को परीक्षा संपन्न कराएंगे। डीआईओएस दफ्तर में गुरुवार की देर शाम उड़नदस्तों और सचल दल की बैठक भी होगी। इसमें नकल पर शिकंजा कसने की रणनीति तय की जाएगी।
संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी नजर
उरई। जिले में 22 संवेदनशील व सात अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं। डीआईओएस ने इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। हालांकि इसके लिए अलग से फंड जारी नहीं हुआ था इसलिए सक्षम केंद्रों में ही सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था कराई गई है। ताकि नकल पर रोक लगाई जा सके।
एक नजर में बोर्ड परीक्षा
कुल परीक्षार्थी - 49625
बालक- 26967
बालिकाएं- 22657
कुल परीक्षा केंद्र- 95
संवेदनशील- 22
अति संवेदनशील- 07
कक्ष निरीक्षक- 4000
दस्तों का सहयोग करें केंद्र व्यवस्थापक
बुधवार की शाम बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने केंद्र व्यवस्थापकों और छह उड़नदस्तों के साथ बैठक की। दस्तों के सदस्यों ने कहा कि परीक्षा के वक्त गड़बड़ी की आशंका वाले कालेजों के व्यवस्थापक सहयोग नहीं करते हैं। इस पर डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों से सहयोग को कहा और साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि शिकायत मिली तो अगली बार परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल होना मुश्किल पड़ जाएगा।
इसी कड़ी में ठेके पर नकल कराने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए। किसी भी कालेज में यदि इस बार नकल हुई तो केंद्र व्यवस्थापक भी नहीं बख्शे जाएंगे। इसलिए परीक्षा शुरू होने से पहले ही परीक्षार्थियों की पूरी तलाशी की बात कही गई।
नजदीकी केंद्रों पर लगाई जाए ड्यूटी
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं के साथ ही बोर्ड परीक्षा ड्यूटी को लेकर चर्चा की गई। शिक्षकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी ड्यूटी नजदीक के परीक्षा केंद्र पर ही लगाई जाए। बैठक के दौरान शिक्षक संघ के निवर्तमान ब्लाक अध्यक्ष नित्यानंद प्रजापति ने खंड शिक्षा अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि अवशेष वेतन एरियर व वेतन बिल बनवाकर शीघ्र कार्यालय में जमा कराऐं। इस मौके पर जय प्रकाश नरवरिया, राकेश निरंजन, विकास श्रीवास्तव, अंजनी पचौरी, मुवीन, रामकिंकर गुर्जर, आलोक श्रीवास्तव, राजकुमार, इरफान सिद्दीकी, शैलेंद्र निरंजन, सुनील निरंजन आदि उपस्थित रहे।