उरई। अमर उजाला व रीजेंसी अस्पताल, कानपुर की ओर से गोपालगंज उरई स्थित गहोई धर्मशाला में 23 फरवरी को निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक चलेगा। यहाँ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉक्टर लोगों को परामर्श के साथ-साथ कैंसर के बारे में जागरूक भी करेंगे।
इस संदर्भ में डॉ अतुल कपूर, एमडी रीजेंसी हेल्थ कानपुर ने बताया कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को लेकर खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में जानकारी का अभाव है ।साथ ही इन इलाकों में इलाज की बेहतर सुविधा न होना भी चिंता का विषय है। ऐसे में कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन इसी दिशा में एक प्रयास है, ताकि ग्रामीण इलाकों में लोगों की बीमारी की सही समय पर जानकारी कर उसका उचित इलाज किया जा सके। बताया कि यदि किसी का अचानक से वजन घटने लगे, स्तन में गांठ होने लगे, पेट में सूजन, पाचन समस्या, तेज बुखार, मुंह में छाले, थकान महसूस होना, घाव का समय पर न ठीक होना आदि लक्ष्ण कैंसर बीमारी के भी हो सकते हैं। कैंप के माध्यम इन लक्षण वाले मरीजों को उचित परामर्श भी दिया जाएगा।