Hathras: सीएम योगी 19 अक्तूबर को हाथरस में, 70 मिनट रहेंगे, 176 करोड़ की विकास योजनाओं का देंगे तोहफा
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रमण का मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है। यहां मुख्यमंत्री एक घंटे 10 मिनट तक महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 अक्तूबर को हाथरस आ रहे हैं। वह बागला कॉलेज के मैदान में भाजपा महिला मोर्चा के बैनर तले होने वाले नारी वंदन सम्मेलन में भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 18 अक्तूबर को पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर अफसर और भाजपा नेता तैयारियों को अंतिम रूप देते नजर आए। पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने अन्य जिलों से आए पुलिस बल को दिशा-निर्देश दिए। भाजपाइयों ने भी सम्मेलन को कामयाब बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
पिछले कई दिनों से जिले के अफसर और भाजपाई इस सम्मेलन की तैयारी में जुटे हैं। बुधवार को सुबह से ही डीएम अर्चना वर्मा, एसपी देवेश पांडेय ने अधीनस्थों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अधीनस्थों को निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश द्वार, हेलीपैड, वीआईपी गैलरी, सेफ हाउस सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इधर, भाजपाइयों ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों के बारे में जानकारी ली। महिला मोर्चा के नारी वंदन कार्यक्रम के लिए भाजपाइयों ने अपने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं को कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था का किया पूर्वाभ्यास
सीएम के कार्यक्रम के लिए बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया गया। दूसरी ओर शहर में पुलिस ने कांबिंग भी की। सीएम के कार्यक्रम को लेकर खुफिया तंत्र पूरी तरह से सतर्क रहा। खुफिया तंत्र के अधिकारी कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का मुआयना लेते रहे। पुलिस महकमे की ओर से बागला कॉलेज मार्ग तक आने वाले सभी मार्ग पर पुलिस तैनात की गई है।
इस तरह रहेगी प्रवेश की व्यवस्थाबागला कॉलेज में होने वाले नारी वंदन सम्मेलन में भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर आम लोगों के प्रवेश के लिए दो द्वार बनाए गए हैं। एक द्वार से विशिष्ट लोग प्रवेश करेंगे। गेट नंबर एक को वीवीआईपी के रिजर्व किया गया है। गेट नंबर दो वीआईपी प्रवेश करेंगे, जोकि बागला इंटर कॉलेज में होकर जाएगा। बागला इंटर कॉलेज के मुख्य गेट को गेट नंबर तीन बनाया गया है। कॉलेज के बराबर से जा रही सड़क को गेट नंबर चार बनाया गया है। इन दोनों से आम लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।
117 कार्यों का होगा लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को जिले को 176 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का तोहफा देंगे। इनमें से 105.77 करोड़ रुपये के 117 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 71.51 करोड़ रुपये के 97 कार्यों का शिलान्यास करेंगे। विभागीय अधिकारी दिनभर इसकी तैयारी में जुटे रहे। लोकार्पण के लिए तय किए गए 117 कार्यों में से 34 कार्य आवास-विकास परिषद आगरा, 25 कार्य पंचायतराज विभाग सहित विभिन्न विभागों के शामिल हैं। साथ ही शिलान्यास के 97 कार्यों में सी एंड डीएस के 57 कार्य, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के 11 कार्य, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के सात, नगर पालिका सिकंदराराऊ के सात, डूडा के पांच सहित विभिन्न विभागों के विभिन्न कार्य शामिल हैं।
एक घंटा 10 मिनट हाथरस में रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रमण का मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है। यहां मुख्यमंत्री एक घंटे 10 मिनट तक महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
सीएम का मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 10.55 बजे - लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट से राजकीय वायुयान से रवाना होंगे।
- सुबह 11.40 बजे - आगरा खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- सुबह 11.45 बजे - आगरा खेरिया एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से हाथरस के लिए रवाना होंगे।
- सुबह 11.55 बजे - बागला कॉलेज क्रीड़ा स्थल पहुंचेंगे।
- दोपहर 12 बजे - कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
- दोपहर 12 से 1 बजे तक नारी वंदन महिला सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे।
- दोपहर 1.05 बजे - हेलीपैड पहुंचेंगे।
- दोपहर 1.10 बजे - हेलीकाॅप्टर से अलीगढ़ रवाना होंगे।
प्रभारी मंत्री और बृज क्षेत्र अध्यक्ष ने देखीं तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मधुलिका राघव ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड के साथ भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए जितना कार्य भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किया गया है, उतना पिछले 70 वर्षो में भी नहीं हुआ है। हाथरस में मुख्यमंत्री विकास की कई घोषणाएं करेंगे। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सभा को सफल बनाना हम सबका का पूर्ण दायित्व है, इसलिए जिस पदाधिकारी को जो भी दायित्व दिया गया है, वह उसे पूरी लगन और निष्ठा के साथ निभाए।
बैठक में सांसद राजवीर दिलेर, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, हरिशंकर राना, सोनिया नारंग, सुचेता जौन, नीरेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।