Hathras News: ट्रॉला ने बाइक में मारी टक्कर, दंपती सहित तीन की मौत
युवक की संभल में रिश्तेदारी है। वह अपाचे बाइक से पत्नी नगमा, छह माह की बेटी व संभल जिले के गढ़वाली गांव निवासी रिश्तेदार के साथ अपने गांव कुंवरपुर जा रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-अलीगढ़ के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के लहरा बाईपास के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉला ने बाइक सवार सभी लोगों को टक्कर मार दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के लहरा बाईपास के निकट सोमवार की दोपहर को तेज रफ्तार ट्रॉला ने बाइक सवार दंपती सहित चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह माह की बच्ची व एक युवक घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर युवक को बागला जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दंपती की मौत से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। एसडीएम सदर सहित कई थानों का पुलिस बल और एसओजी टीम भी जिला अस्पताल पहुंच गई।
सासनी क्षेत्र के गांव नगला भूरा निवासी हाल निवासी कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी 35 वर्षीय विष्णु पुत्र बनवारी की संभल में रिश्तेदारी है। सोमवार की दोपहर को वह अपाचे बाइक से अपनी 32 वर्षीय पत्नी नगमा, छह माह की बेटी व संभल जिले के गढ़वाली गांव निवासी रिश्तेदार नूर अली पुत्र तलुआ के साथ अपने गांव कुंवरपुर जा रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-अलीगढ़ के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के लहरा बाईपास के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉला ने बाइक सवार सभी लोगों को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में विष्णु व उसकी पत्नी नगमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छह माह की बेटी व नूर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाईपास पर काफी देर तक यातायात थम गया। कोतवाली हाथरस गेट व चंदपा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन घायलों को इलाज के लिए बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भिजवाया। वहां चिकित्सक ने दंपती को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची को मामूली चोट आई है। नूर अली की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उपचार के लिए ले जाते समय उनकी भी मौत हो गई।
जानकारी होने पर एसडीएम सदर रवेंद्र कुमार, सदर कोतवाली, कोतवाली हाथरस गेट, हाथरस जंक्शन, सासनी, कोतवाली चंदपा थाने का पुलिस बल व एसओजी टीम जिला अस्पताल पहुंच गई। दंपती की मौत के बाद विलाप करते परिजनों का ट्रॉला चालक पर कार्रवाई न होने को लेकर गुस्सा फूट गया। परिजनों ने वहां जमकर हंगामा किया और पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से मना कर दिया। एसडीएम सदर व पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब कहीं जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
दुर्घटना में दंपती की मौत की सूचना मिली है। बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए रेफर किया गया है। उसकी भी मौत की सूचना मिली है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। -अशोक कुमार, एएसपी हाथरस।