संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कोतवाली परिसर में गुरुवार को मंदिर और मस्जिदों के धर्म गुरुओं की बैठक हुई। बैठक में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए रेड जोन के लिए जारी सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
कोतवाल डीके सिसौदिया ने कहा कि वर्तमान में कोरोना संबंधी मामले अधिक निकलने से पूरा कस्बा रेड जोन में है। लिहाजा रेड जोन के नियमों का हम सभी को पालन करना होगा। मास्क पहनें, ग्लब्स पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करते रहें। हॉट स्पॉट एरिया में बेवजह नहीं घूमें। घरों के अंदर रहें, सुरक्षित रहें। आप सुरक्षित हैं तो परिवार सुरक्षित है, परिवार सुरक्षित है तो गांव सुरक्षित है और गांव सुरक्षित है तो देश सुरक्षित है। आम आदमी का जीवन महत्वपूूर्ण है, इसको बचाए रखने के लिए सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन अवश्य करें। उन्होने बताया कि रेड जोन के खत्म होते ही लॉक डाउन में मिल रही छूट का फायदा कस्बे के लोगों को दिया जाएगा। मंदिर मस्जिद भी खोले जा सकेंगे, लेकिन इनमें एक बार में पांच से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं से पूर्व की तरह ही सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया। इस मौके पर कस्बा इंचार्ज डिप्टी सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।