संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
रबी की फसल बुआई को लेकर शासन के निर्देशों पर जिले भर में बीज विक्रेताओं के यहां छापा मारा गया। इस दौरान 45 नमूने लिए गए और 15 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। कार्रवाई से बीज विक्रेताओं में खलबली मची रही।
रबी की फसल की बुआई को देखते अपर मुख्य सचिव कृषि के निर्देश पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की निगरानी में जिले भर में बीज विक्रेताओं के यहां छापा मारा गया। कार्रवाई के लिए चार टीमें बनाई गईं। हाथरस में जिला कृषि अधिकारी, सासनी में उप कृषि निदेशक, सादाबाद में भूमि संरक्षण अधिकारी और सिकंदराराऊ में पीपीओ ने छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी ने 26, पीपीओ ने 7, डीडी कृषि ने 4, भूमि संरक्षण अधिकारी ने आठ नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर नहीं दिखाने वाले 15 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस दिए हैं। करवाई से बीज विक्रेताओं में खलबली मची रही।