Good News: रेलवे क्रॉसिंग पर जल्द पूरा होगा ओवरब्रिज का निर्माण, मिलेगी जाम से निजात
पुल का काम पूरा होने पर हजीपुर, बरामई, लढ़ावली, पुन्नेर, बघराया, मासिमपुर, महौ, गढ़ी धारू, मान महौ, केशोपुर, बरवाना, नगला आल, हिम्मतपुर, हैथा रघुनाथपुर के अलावा हसायन क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को फायदा होगा।
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेल खंड पर कैलोरा से जलेसर मार्ग पर कम लागत के ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे की ओर से इस ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने से यहां से रोजाना गुजरने वाले करीब 56 हजार वाहन चालकों को फाटक के बार-बार बंद होने से होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी।
कैलोरा से जलेसर के लिए जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग संख्या 297ए पर इस ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। करीब 15.21 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। इसकी लंबाई करीब 440 मीटर है। पुल का करीब 40 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
पुल का काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर बसे हजीपुर, बरामई, लढ़ावली, पुन्नेर, बघराया, मासिमपुर, महौ, गढ़ी धारू, मान महौ, केशोपुर, बरवाना, नगला आल, हिम्मतपुर, हैथा रघुनाथपुर के अलावा हसायन क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को फायदा होगा।
क्राॅसिंग संख्या 297ए पर ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। आम लोगोंं को इसका निर्माण होने के बाद काफी फायदा होगा।-संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल।
24 घंटे में गुजरती हैं करीब 40 ट्रेनें
मथुरा-कासगंज रेल खंड पर स्थित क्राॅसिंग संख्या 297ए से 24 घंटे में औसतन 40 ट्रेनों को गुजारा जाता है। इस तरह देखा जाए तो इन ट्रेनों के गुजरने के दौरान करीब 30 बार फाटक को बंद करना और खोलना पड़ता है। इसमें 10 पैसेंजर ट्रेनों के अलावा करीब 10 ही साप्ताहिक, द्विसाप्ताहिक और पंच साप्ताहिक 10 ट्रेनों के अलावा करीब 20 मालगाड़ियां शामिल हैं। ओवरब्रिज बनने के बाद इस फाटक को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा।
निर्माण शुरू होने के बाद 15.2 हजार वाहनों ने बदला रास्ता
कैलोरा-जलेसर मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य करीब छह माह पूर्व शुरू किया गया था। इस कार्य के कारण आने वाली दिक्कतों के चलते करीब 15,200 वाहन चालकों ने अपने रास्ते को बदल दिया है। इस रास्ते से गुजरने वाले 56,745 वाहनों की संख्या घटकर 41,544 रह गई है।