कच्छा बनियानधारी गिरोह का खतरा: चिपकाए पर्चे, रात्रि 12 से सुबह चार बजे तक सतर्क रहने को कहा
पुलिस ने हसायन कस्बे के अलावा सभी गांवों में कच्छा बनियानधारी एवं भैंस चोर के गिरोह के सक्रिय होने के संबंध में पर्चे लगवाए हैं। पर्चे पर लिखा है कि यह गिरोह दिन में गांव में घूमकर रेकी करता है। यह गिरोह रात्रि में 12 बजे से सुबह 4 बजे के मध्य घटना को अंजाम देता है।
विस्तार
कासंगज व एटा के सीमा से लगे थाना हसायन क्षेत्र में कच्छा बनियानधारी एवं भैंस चोरों के गिरोह के सक्रिय होने की गोपनीय सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने क्षेत्र में जगह-जगह पर्चे चिपकाकर लोगों को रात्रि में 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया है।
थाना पुलिस ने हसायन कस्बे के अलावा सभी गांवों में कच्छा बनियानधारी एवं भैंस चोर के गिरोह के सक्रिय होने के संबंध में पर्चे लगवाए हैं। पर्चे पर लिखा है कि आपके गांव एवं क्षेत्र में कच्छा बनियानधारी और भैंस चोरों के गिरोह के सक्रिय होने की गोपनीय जानकारी प्राप्त हो रही है। यह गिरोह दिन में गांव में घूमकर रेकी करता है।
पर्चे में लिखा है कि यह गिरोह रात्रि में 12 बजे से सुबह 4 बजे के मध्य घटना को अंजाम देता है। इस पर्चे पर यह भी लिखा है कि गांव में मोहल्लेवार ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य क्रियाशील हो जाएं और समूह बनाकर बारी-बारी से निगरानी करें। सभी घर के लोग बारी-बारी से रात्रि में 12 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष सतर्कता रखें।
रात्रि या दिन में संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या पशुओं का अवागमन दिखाई देता है तो तत्काल पड़ोसियाें को सतर्क कर पुलिस को सूचित करें। प्रभारी निरीक्षक हसायन अवधेश चौहान ने पर्चे के जरिये कहा है कि सतर्कता से अपराध पर नियंत्रण कर भारी नुकसान को रोका जा सकता है। किसी भी परिस्थिति में 112 पर कॉल करें और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क करें।
इन पर्चाें को देखकर हसायन क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। क्षेत्र में रात्रि में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस कर्मी सुनसान इलाकों में बने घरों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। कोतवाली हसायन प्रभारी अवधेश चौहान ने बताया कि पर्चे लगाने के साथ सभी को जागरूक किया जा रहा है।
नजदीकी जिलों में सीसीटीवी में कैद हुए हैं गिरोह के सदस्य
हसायन पुलिस को नजदीकी जनपदों के कच्छा बनियानधारी गिरोह के सदस्यों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन फुटेज के मिलने के बाद ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। इन सीसीटीवी फुटेज को भी प्रसारित किया जा रहा है, जिससे सभी की पहचान की जा सके।