Hardoi: सड़क हादसे में चाचा की मौत और भतीजा घायल, भतीजी की बरात आने के दिन हुई घटना
अरवल थाना क्षेत्र में एक परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में दुल्हन के चाचा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के बरंडारी-श्रीमऊ मार्ग पर गुरुवार को भदार पुल के पास आलू भरी खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से बाइक सवार घुस गए। इससे बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया।
अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव के मजरा कड़रियापुरवा निवासी विनोद (28) की भतीजी शिल्पी पुत्री सुरेंद्र की गुरुवार को बारात आनी थी। इसेके लिए वह अपने भतीजे सुधीर (20) पुत्र कृपाशंकर के साथ दोपहार में सांडी कस्बे में सब्जी की खरीदारी कर बाइक से घर आ रहे थे।
बाइक सुधीर चला रहा था। बरंडारी-श्रीमऊ मार्ग पर भदार पुल के पास आलू भरी खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से बाइक घुस गई। इससे विनोद की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि सुधीर घायल हो गया। सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया गया है। विनोद की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बच्चों के सिर से हटा पिता का साया
सड़क हादसे में विनोद की मौत होने से खुशियों की जगह पूरे परिवार में मातम पसर गया है। पत्नी रेनू के अलावा दो पुत्र व एक पुत्री हैं। छोटे-छोटे बच्चों ने अभी पिता का अच्छे से दुलार भी न देख पाया था कि हादसे में उनके सिर से सदा के लिए पिता का साया उठ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
शादी की रस्में पूरी करने के लिए ससुराल भेजी गई कन्या
सड़क हादसे में दूल्हन के चाचा विनोद की मौत से परिवार में मातम पसर गया। पिता सुरेन्द्र ने बताया कि पुत्री की शादी की रस्म को पूरा करने के लिए वर पक्ष के यहां शाहजहांपुर जनपद के इमलिया गांव भेजा गया है।