हरदोई। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालयों को 15 अगस्त से छात्र-छात्राओं के लिए खोले जाने को लेकर शासन की ओर से गाइड लाइन जारी कर दी गई है। शासन के बाद डीआईओएस की ओर से भी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दिए गए निर्देशों में सप्ताह में पांच दिन स्कूलों में पठन-पाठन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि 16 अगस्त से पठन-पाठन के लिए माध्यमिक स्कूल खोल दिए जाएंगे। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालयों को सोमवार से शुक्रवार तक दो पालियों में खोला जाएगा। प्रथम पाली सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी पाली दोपहर साढ़े 12 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक संचालन होगा। प्रत्येक शनिवार को सभी कक्षों व परिसर में सैनिटाइजेशन का कार्य होगा। विद्यालय में यदि एक से अधिक प्रवेश द्वार हैं तो अवकाश के दौरान सभी का प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों में एक साथ छुट्टी न दिए जाने, यदि बसें हैं तो उन्हें प्रतिदिन सैनेटाइज कराए जाने, विद्यालयों में कोविड प्रोटोकाल का प्रयोग कर छात्र-छात्राओं को बैठाने जाने के निर्देश दिए गए।