हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गांव निपनिया में गुरुवार की रात ग्राम प्रधान के घर में सेंध लगाकर चोर कमरे में रखे बक्सों का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नगद व जेवर चुरा ले गए। प्रधान के पति की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निपनिया निवासी ग्राम प्रधान सुशीला देवी के मकान के पीछे की दीवार में गुरुवार की रात चोर सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखे बक्सों का ताला तोड़कर नगदी व जेवर उठा ले गए। आहट होने पर प्रधान के पति सर्वेश कमरे में पहुंचे तो वहां सामान बिखरा व दीवार में सेंध लगी मिली। सर्वेश के मुताबिक जब वह कमरे में पहुंचे तो सेंध से निकलकर चोर भागते दिखाई दिए। शोर मचाने पर परिजनों व आसपास के लोगों ने पीछा किया, लेकिन चोर गन्ने के खेतों से होकर भाग निकले। सर्वेश ने बताया कि चोर घर में रखी सोने की दो जंजीर, झुमकी, चार अंगूठी व चांदी की पॉजेब के अलावा 50 हजार रुपये नगद ले गए हैं। प्रधान के पति ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।