हरदोई । इनकम टैक्स की टीमों ने पान मसाला सहित कई कारोबारों से जुड़े शहर के बड़े कारोबारी सुधीर अवस्थी के घर, कार्यालय, गेस्ट हाउस समेत छह ठिकानों पर छापा मारा है। सुबह आठ बजे से शुरू हुई पड़ताल देर शाम तक जारी है। कारोबार से जुड़े दस्तावेज एवं संपत्तियों की जानकारी टीमें खंगाल रही हैं। बताया है कि विभाग की पांच से सात टीमें एक साथ आई हैं। टीम के अफसरों ने स्थानीय अफसरों को भी इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है ।
सुधीर अवस्थी की अवस्थी जर्दा भंडार नाम से फर्म है। वह जर्दा और पान मसाले का कारोबार करते हैं। कारोबारी के नघेटा रोड स्थित आवास, कार्यालय एवं नघेटा रोड पर ही स्थित गेस्ट हाउस पर सुबह आठ बजे से एक साथ लखनऊ से आई आईटी की सात टीमों ने छापा मारा। शहर के इस बड़े कारोबारी के यहां हो रही कार्रवाई को लोग कन्नौज से जोड़ कर देख रहे हैं। हालांकि देर शाम तक विभाग की ओर से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल टीमों द्वारा सर्च अभियान जारी है ।