{"_id":"f7c6a6a27eb3229c20ec371e5f4115a8","slug":"bogus-voting-organically-sticks-shot-eight-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"फर्जी वोटिंग पर बवाल, लाठी, गोली से आठ घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फर्जी वोटिंग पर बवाल, लाठी, गोली से आठ घायल
अमर उजाला ब्यूरो हरदोई
Updated Fri, 11 Dec 2015 12:05 AM IST
विज्ञापन
संडीला (हरदोई) तहसील क्षेत्र के मलैया मतदान केंद्र के बाहर फर्जी वोटिंग की बात पर दो पक्षों में बवाल हो गया। इनमें लाठी-डंडे, धारदार हथियार के साथ गोलियां भी चलीं। इससे भगदड़ मच गई। घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने तमंचे समेत दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को दबोच लिया।
विज्ञापन
घायलों को सीएचसी भेजा गया। यहां से दो को गंभीर हालत में लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया। घटना से आधा घंटा मतदान रुका रहा। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायतमलैयां से प्रधान पद के प्रत्याशी हरिश्चंद्र व जफरूद्दीन के बीच मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग की बात पर विवाद हो गया।
विज्ञापन
आरोप है कि गांव में एक ट्रैक्टर ट्राली से कुछ मतदाता आए उन्हें हरिश्चंद्र की पुत्री कुछ समझाने लगी। इस पर जफरूद्दीन के समर्थकों ने आपत्ति कर दी, जिससे दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और उनमें मारपीट होने लगी। देखते-देखते दोनों पक्षों से लाठी-डंडे, धारदार हथियार चलने लगे।
विज्ञापन
इसी बीच फायरिंग शुरू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। इस घटना में एक पक्ष से हरिश्चंद्र के बडे़ भाई बंशीलाल, होरीलाल, ईश्वरदीन व कन्हैया, दूसरे पक्ष से शाद, अरमान, जफर व कामिल घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
सीएचसी पहुंचे घायलों में बंशीलाल व हीरालाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रिफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है। घटना से करीब आधा घंटे मतदान बाधित रहा। कोतवाल ने बताया कि हरिश्चंद्र की ओर से तहरीर मिली है, दूसरा पक्ष भी तहरीर देगा। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।