UP: 501 रुपये में एक गुझिया...सोने के वर्क से सजी, काजू के पेस्ट से की गई है तैयार, सिल्वर गुझिया भी बनी पसंद
Hardoi News: दुकानदार बताते हैं कि सोने की गुझिया की कीमत अधिक होने से इनकी मांग भले ही कम है लेकिन, खरीदार अपनी सुविधा अनुसार इनकी खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार ने बताया कि सोने के वर्क वाली गुझिया को काजू के पेस्ट से तैयार किया गया है। इसकी एक गुझिया की कीमत 501 रुपये रखी गई है।
विस्तार
होली के त्योहार पर अबकी मैदा और खोया की गुझिया के साथ ही सोने-चांदी के वर्क वाली गुझिया भी बाजार में आई है। सोने के वर्क की एक गुझिया की कीमत 501 रुपये है। होली के त्योहार पर गुझिया, नमकीन के साथ ही अन्य सामग्री की खरीदारी लोगों ने तेजी से शुरू कर दी है।
हरदोई जिले के नघेटा रोड पर एक मिठाई की दुकान पर सोने के वर्क वाली गुझिया लोगों को पसंद आ रही है। दुकान संचालक संदीप गुप्ता ने बताया कि त्योहार को यादगार बनाने के लिए कुछ अलग करने का मन में आया, तो सोने-चांदी के वर्क वाली गुझिया तैयार करा लीं।
बताया कि अंजीर और केसर की भी गुझिया तैयार कराई हैं। बताया कि सोने की गुझिया की कीमत अधिक होने से इनकी मांग भले ही कम है लेकिन, खरीदार अपनी सुविधा अनुसार इनकी खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार ने बताया कि सोने के वर्क वाली गुझिया को काजू के पेस्ट से तैयार किया गया है।
अंजीर और केसर की गुझिया भी बनाई गई है
इसकी एक गुझिया की कीमत 501 रुपये रखी गई है। इसमें शहद और ड्राईफ्रूट भरा गया है। ऐसे ही चांदी के वर्क, अंजीर और केसर की गुझिया बनाई गई है। इनकी प्रतिकिलो कीमत 1,300 रुपये रखी गई है। देखने और स्वाद में यह दोनों गुझिया लोगों को अपनी ओर काफी आकर्षित भी कर रही हैं।
श्रीअन्न की भुजिया, सेव और बिस्कुट लोगों की पसंद बने
होली पर लोग श्रीअन्न के उत्पाद को खूब पसंद कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर श्रीअन्न के उत्पाद तैयार कर बिक्री करने वाली श्रीन त्रिपाठी ने बताया कि मक्का, बाजरा के सेव और भुजिया, बिस्कुट होली पर लोग खूब खरीद रहे हैं। बताया कि 250 ग्राम की पैकिंग में मक्का, बाजरा के सेव व भुजिया की कीमत 80 रुपये है।
ड्राईफ्रूट व शुगर फ्री बिस्कुट भी
200 ग्राम वजन वाले बिस्कुट के पैकेट की कीमत ओट्स और ड्राईफ्रूट में 140 है। ड्राईफ्रूट व शुगर फ्री बिस्कुट की कीमत 155 रुपये है। पिस्ता व जैम वाले 110-110 रुपये पैकेट है। नानखटाई का 200 ग्राम का पैक 85 रुपये का है।बता दें कि यहां का काली गाजर का हलवा भी लोगों को काफी पसंद आया था।