{"_id":"594930434f1c1b02318b4804","slug":"rain-falls-water-logging","type":"story","status":"publish","title_hn":"बारिश ने खोली पालिका अफसरों की पोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बारिश ने खोली पालिका अफसरों की पोल
ब्यूरो, अमर उजाला/ हापुड़
Updated Tue, 20 Jun 2017 08:48 PM IST
विज्ञापन
बारिश
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे कर रहे नगर पालिका अफसरों की मंगलवार सुबह हुई बारिश ने पोल खोल दी। शहर के विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई न होने के कारण रास्तों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।
विज्ञापन
बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही विभिन्न मोहल्ले के लोग नगर पालिका अफसरों से गंदगी के कारण पानी निकासी बाधित होने की समस्या को देखते हुए नाले, नालियों की सफाई कराने की मांग कर रहे थे लेकिन पालिका अफसर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे कर रहे थे।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने अफसरों के दावों की हकीकत खोलकर रख दी। नालियों की सफाई न होने के कारण नालियां चोक हो गई, इसके चलते सड़कों पर नालियों का पानी भर गया।
विज्ञापन
बारिश के कारण शहर की गोल मार्केट, रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड, अशोक कालोनी, मोहल्ला कृष्णा नगर, जेपी कालोनी सहित दर्जनों स्थानों पर जलभराव हो गया। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकला मुश्किल हो गया।
साथ ही दुर्गंध के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। पालिकाध्यक्ष मालती भारती का कहना है कि नालों की सफाई जारी है। मानसून तक स्थिति में सुधार हो जाएगा।
बारिश से स्वर्ग आश्रम रोड पर तो जलभराव के कारण लोगों की जिंदगी नरक हो गई। घरों और सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। गुस्साए लोगों ने पालिका अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
व्यवस्था सुधार आंदोलन समिति के तत्वावधान में मंगलवार को मोहल्ला कृष्णा नगर, अर्जुन नगर, शक्ति नगर, शिवलोक कालोनी के लोग स्वर्ग आश्रम रोड पर एकत्रित हुए। उन्होंने स्वर्ग आश्रम रोड पर हुए जलभराव के विरोध में नगर पालिका अफसरों के खिलाफ जोरदार किया।
बताया कि स्वर्ग आश्रम रोड पर चल रहे नाला निर्माण के कारण पिछले कई माह से लोगों की जिंदगी नरक बनी हुई है। मंगलवार को हुई बारिश ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। बारिश के कारण सड़कों पर घुटनों तक जलभराव के कारण लोग घरों में कैद हो गए। इतना ही नहीं जलभराव के कारण नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण स्वर्ग आश्रम रोड पर हुए जलभराव के कारण स्थानीय लोगों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले दर्जनों गांव के लोगों का निकला भी दुश्वार हो गया है। लोगों ने एक सप्ताह के अंदर स्थिति में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालो में पंडित मनोज भारद्वाज, सतीश शर्मा, हरीश जिंदल, दीपक शर्मा, निकुंज त्यागी, प्रवीन शर्मा, राजीव पाठक, सुभाष शर्मा, लाला त्यागी, विपुल त्यागी, दिनेश कौशिक आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के सड़क गड्ढामुक्त अभियान के बाद भी रसूलपुर अल्लीपुर संपर्क मार्ग पर अब भी गड्ढे हैं। ऐसे में बारिश के बाद इस सड़क की स्थिति और बदहाल हो गई। गड्ढों से भरी सड़क में जलभराव के बाद लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया। इससे गुस्साए रसूलपुर गांव के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
गांव के लोगों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इनमें आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल होते रहते हैं। मंगलवार को बारिश के कारण सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
इस संबंध में वह कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। प्रदर्शन करने वालो में श्यामवीर पाल, सुदेश, सतपाल, छिद्दापाल, प्रमोद, कालू, सतेंद्र चौधरी, अमित पाल, रामरतन, रामसिंह, सुनील, सुशील पाल, मोनू, अनुज, सुभाष पाल, मास्टर अलमुद्दीन आदि मौजूद रहे।
बारिश के कारण लाइन में फाल्ट होने से गढ़- ब्रजघाट सहित क्षेत्र के दर्जनों गांव में करीब 11 घंटे बिजली गुल रही। इस दौरान रोजेदारों को खासी परेशानी हुई। बिजली कर्मियों को फॉल्ट ढूंढने में भी मशक्कत करनी पड़ी।
सोमवार देर शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर तक रुक-रुक कर चलती रही। बारिश से मध्य गंग नहर पटरी से जुड़े जंगल में सिंभावली के बड़े बिजलीघर से आ रही लाइन में फाल्ट हो गया।
इससे रात में करीब 12 बजे बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई और गढ़-ब्रजघाट सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों में रहने वाले लोगों को बिजली के साथ ही पानी की किल्लत भी झेलनी पड़ी। एसडीओ जीपी शर्मा का कहना है कि लाइन में फाल्ट होने से बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सप्लाई को सुचारु किया गया।