हापुड़। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर शनिवार को कलक्ट्रेट में विभागीय अधिकारियों, मंदिर पुजारियों और शिविर संचालकों के साथ बैठक की गई। इसमें डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक होने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। साथ ही डीजे की ध्वनि को भी नियंत्रित करते हुए इसे अधिकतम 75 डेसीबल तक ही रखने के आदेश दिए गए। डीएम कविता मीना व एसपी ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय अधिकारियों, प्रमुख शिव मंदिरों के पुजारियों/प्रबंधकों और कांवड़ मार्ग पर शिविर लगाने वाले संगठनों के साथ समीक्षा बैठक की गई। डीएम ने मंदिर समितियों व पुजारियों से समन्वय कर दर्शन व्यवस्था बनाने, सभी प्रमुख मंदिरों में जगह-जगह बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश-निकास द्वार, महिला/दिव्यांग/वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन और पर्याप्त सहायकों की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर लगने वाले सभी भंडारा/सेवा शिविरों का पंजीकरण एसडीएम कार्यालय में कराना अनिवार्य है। शिविर में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डीजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का कड़ाई से पालन हो।
एसपी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, ड्रोन व सीसीटीवी से निरंतर निगरानी की जाए। संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मी व पिंक बूथ तैनात रहेंगे। अफवाह फैलाने वालों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ श्रुति शर्मा, एडीएम संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।