सड़क की मरम्मत नहीं होने पर किया प्रदर्शन
गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला घोसियान के लोगों ने शुक्रवार को पालिका-प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मोहल्लेवासी विनय यादव, सौरभ प्रजापति, सुनीता, कमला राहुल, शिवम, अमर, अभिषेक और प्रियांशु ने बताया कि मोहल्ला घोसियान की मुख्य सड़क प्राचीन गंगा मंदिर को जोड़ती है। जिसकी हालत करीब दो साल से खस्ताहाल है। अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हुई। बारिश के दौरान लोगों को गंदगी और कीचड़ में होकर निकलना पड़ता है। नगर में केवल तहसील और कचहरी रोड के अलावा सभी सड़कों का बुरा हाल है। मोहल्लेवासियों ने प्रदर्शन कर कहा कि अगर सितंबर के प्रथम सप्ताह तक इस रास्ते की मरम्मत नहीं कराई जाती है तो तहसील मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने बताया कि मोहल्ले के लोगों की शिकायत के आधार पर जांच करने के बाद संबंधित विभाग को पत्र भेजकर सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी, जिससे राहगीरों को टूटी सड़क और परेशानी से निजात मिल सके।