हापुड़ में गंगा में डूबे चार युवक: परिजन की अस्थि विसर्जन के दौरान हुआ हादसा, नाविकों और गोताखोरों ने बचाया
शुक्रवार को ब्रजघाट गंगा में अस्थि विसर्जन करते दिल्ली के चार युवक तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। नाविकों और गोताखोरों ने उन्हें सकुशल बचाया। प्रदीप अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने गहरे पानी से बचने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हापुड़ के ब्रजघाट गंगा तट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अस्थि विसर्जन करने आए चार युवक गंगा के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों की तत्परता से सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के तनिष, पीयूष, सुमित और प्रदीप अपने परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए ब्रजघाट पहुंचे थे। अस्थि विसर्जन के दौरान चारों युवक धीरे-धीरे गंगा के बीच बहाव की ओर पहुंच गए। अचानक तेज धारा में संतुलन बिगड़ने से वे डूबने लगे और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाल लिया गया। हादसे में प्रदीप की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि स्नान और अस्थि विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। सभी युवकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया है। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया है तथा अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से गंगा में गहराई और तेज बहाव वाले क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है।