{"_id":"691b517c567f4d3bec0f08d2","slug":"case-registered-against-nine-people-including-current-village-head-and-a-history-sheeter-in-noorpur-firing-cas-2025-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hapur: नूरपुर गोलीकांड मामले में वर्तमान ग्राम प्रधान व हिस्ट्रीशीटर समेत नौ पर केस, चार आरोपी हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hapur: नूरपुर गोलीकांड मामले में वर्तमान ग्राम प्रधान व हिस्ट्रीशीटर समेत नौ पर केस, चार आरोपी हिरासत में
Mon, 17 Nov 2025 10:18 PM IST
आकाश दुबे
संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
Published by: आकाश दुबे
Updated Mon, 17 Nov 2025 10:18 PM IST
सार
पीड़ित पक्ष ने वर्तमान ग्राम प्रधान व हिस्ट्रीशीटर पर घटना की साजिश रचने में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नूरपुर में रविवार की रात गोलीकांड में एक ही परिवार के आठ लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर ग्राम प्रधान व जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर समेत नौ व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित पक्ष ने वर्तमान ग्राम प्रधान व हिस्ट्रीशीटर पर घटना की साजिश रचने में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
गांव निवासी सुंदर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार की दोपहर बाद चार बजे उनका पुत्र अमन बुग्गी लेकर गांव में जा रहा था। रास्ते में संजय का ट्रैक्टर खड़ा हुआ था। उनके पुत्र अमन ने संजय के पुत्र अर्पित से रास्ते से ट्रैक्टर हटाने को कहा। आरोप है कि अर्पित ने गाली गलौज कर उनके पुत्र को पीटा। पीटने के बाद उनका पुत्र अमन घर चला गया था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे संजय, उसके पुत्र अर्पित व श्रवण, उसके भाई प्रेमपाल, भतीजे अक्षय व भूरे व भाई अमित ने उनके चचेरे भाई जगदीश को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन
जगदीश के चिल्लाने पर उनका पुत्र निखिल, भतीजा आयुष व विजय, भाई संतसिंह व रवि, पुत्रवधू माही और परिवार के अनुज उन्हें बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान आरोपी अर्पित, श्रवण, संजय, प्रेमपाल, अमित, अक्षय व भूरे ने अपनी छत पर चढ़कर जान से मारने की नियत से लाइसेंसी व देशी असलाहों से सभी के ऊपर गोली चला दी। इसमें आयुष, निखिल, अनुज, रवि, विजय, संतसिंह, माही गंभीर रुप से घायल हो गए। आरोप है कि ग्राम प्रधान पदम सिंह के द्वारा षड्यंत्र के तहत ये घटना कराई गई है और इसमे जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अजीत भी शामिल है।
विज्ञापन
रवि व आयुष को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि सभी का उपचार अन्य अस्पताल में चल रहा है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सुंदर की तहरीर पर संजय, अर्पित, श्रवण, प्रेमपाल, अक्षय, अमित, भूरे, पदम सिंह व अजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
22 अगस्त की शाम को हिस्ट्रीशीटर अजीत ने अपने बुजुर्ग पिता की हत्या की थी
17 बीघा जमीन को ठेके पर देने से गुस्साया हिस्ट्रीशीटर अजीत 22 अगस्त की शाम को शराब के नशे में अपने बुजुर्ग पिता राममेहर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस संबंध में मृतक की पुत्रवधू गीता ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर देवर अजीत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी अजीत पिता की हत्या का मौके से फरार हो गया था। कुछ दिनों बाद आरोपी ने किसी मामले में बुलंदशहर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसके बाद बाबूगढ़ पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर पिता की हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल तमंचा बरामद किया था।