{"_id":"6ade405ab9258966660f7ee0","slug":"car-carrying-police-officers-on-patrol-went-out-of-control-and-fell-into-an-irrigation-canal-all-three-were-in-2026-10-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"हापुड़: गश्त पर जा रहे पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिरी, तीनों घायल, एक की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हापुड़: गश्त पर जा रहे पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर रजवाहे में गिरी, तीनों घायल, एक की हालत गंभीर
Sun, 25 Oct 2026 11:16 PM IST
Digvijay Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़
Published by: Digvijay Singh
Updated Sun, 25 Oct 2026 11:16 PM IST
सार
हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में पलवाड़ा रोड पर रविवार रात गश्त के लिए जा रहे तीन पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर पलवाड़ा रजवाहे में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।
विज्ञापन
पुलिसकर्मियों की कार रजवाहे में गिरी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में पलवाड़ा रोड पर रविवार रात गश्त के लिए जा रहे तीन पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर पलवाड़ा रजवाहे में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें सिपाही आरिफ की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जबकि सिपाही ललित और दरोगा विनय बघेल को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष इन्द्रकांत यादव ने बताया कि थाना बहादुरगढ़ में तैनात सिपाही आरिफ, ललित और दरोगा विनय बघेल रविवार रात करीब 10 बजे निजी कार से क्षेत्र में गश्त के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पलवाड़ा रोड पर पहुंची, अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से उतरकर पलवाड़ा रजवाहे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिसकर्मियों को बचाने के प्रयास शुरू किए गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सिपाही आरिफ को गंभीर चोटें आने के कारण मेरठ रेफर किया गया, जबकि ललित और विनय का उपचार हापुड़ के निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर सीओ राहुल यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों ने हादसे से संबंधित जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। कार किस कारण अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। तीन पुलिसकर्मियों के हादसे में घायल होने से विभाग में चिंता का माहौल है।सीओ राहुल यादव ने बताया कि फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों का उपचार भी कराया जा रहा है।
विज्ञापन