Video: बाइक पर जा रही भाई-बहन को मनचलों ने छेड़ा, पुलिस से सीखा ऐसा सबक हाथ जोड़ बोले- अब सभी लड़की हमारी बहन
मेरठ रोड स्थित मिशन स्कूल के पास आरोपियों ने अपने दो वाहनों को आगे लाकर उसकी बाइक रोक ली। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसकी बहन के साथ सरेराह छेड़छाड़ की।
विस्तार
यूपी के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित मिशन स्कूल के पास भाई के साथ बाइक पर जा रही एक युवती से बेखौफ बाइक व स्कूटी सवार मनचलों ने सरेराह छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौज कर युवती के भाई को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन मनचलों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक व स्कूटी को भी बरामद कर लिया है। कोतवाली में तीनों आरोपियों ने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस फरार चौथे आरोपी की तलाश कर रही है।
जिला मेरठ के एक गांव निवासी युवक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार की शाम करीब सवा सात बजे वह अपनी बहन को बाइक पर बैठाकर मेरठ रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी अपनी बहन के यहां आ रहा था। असौड़ा पैंठ के पास पहुंचने पर एक बाइक व दूसरी स्कूटी पर सवार चार मनचलों ने पीछे बैठी उसकी बहन को कोन्ही मार दी। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बाइक की पीछा किया।
मेरठ रोड स्थित मिशन स्कूल के पास आरोपियों ने अपने दो वाहनों को आगे लाकर उसकी बाइक रोक ली। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसकी बहन के साथ सरेराह छेड़छाड़ की। आसपास के लोगों को आता हुआ देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर यहां से भाग गए। उसने घटना की सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। इसके बाद वह अपनी बहन को साथ लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से मामले की शिकायत की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट व उनकी टीम ने आरोपी हर्षित निवासी मोहल्ला रामगंज रेलवे रोड, देव कुमार व दीपांशु निवासी मोहल्ला आदर्शनगर मोदीनगर रोड को मेरठ रोड फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम चौथे आरोपी की तलाश कर रही है।