पेट से निकलीं 29 चम्मच, 19 टूथब्रश और दो पेन: छह माह से यह सब निगल रहा था सचिन, ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर भी दंग
सचिन की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे तेज पेट दर्द के कारण अस्पताल लाया गया। ऑपरेशन के बाद सचिन की हालत अब स्थिर है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है।
विस्तार
नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे एक 35 वर्षीय युवक ने 29 स्टील की चम्मच, 19 टूथब्रश और दो नोकदार पेन निगल लिए। पिछले छह महीने से वह इन्हें निगल रहा था, पेट में तेज दर्द की शिकायत पर उसे हापुड़ के देव नंदिनी अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर, इस सामग्री को बाहर निकाला।
बुलंदशहर जनपद निवासी सचिन नशे का आदी था। उसकी इस आदत से परेशान परिजनों ने उसे बुलंदशहर के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। इससे नाराज सचिन ने नशा मुक्ति केंद्र में रहते हुए स्टील के चम्मच, टूथब्रश और पेन जैसी चीजें निगलना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, और उसे तेज पेट दर्द के कारण अस्पताल लाया गया।
देवनंदिनी अस्पताल में डॉ. श्याम कुमार और डॉ. संजय राय ने सचिन की जांच की, जिसमें उनके पेट में भारी मात्रा में धातु की वस्तुएं दिखाई दीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया। ऑपरेशन के दौरान मरीज के पेट से 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 नोकदार पेन निकाले गए। डॉक्टरों ने बताया कि ऐसी स्थिति आमतौर पर उन मरीजों में देखी जाती है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ होते हैं।
डॉ. श्याम कुमार और डॉ. संजय राय ने बताया कि ऑपरेशन के बाद सभी वस्तुओं को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। सचिन की हालत अब स्थिर है, और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। डॉक्टरों ने इस मामले को असामान्य बताते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मरीज इस तरह का व्यवहार कर सकते हैं।