राठ। क्षेत्रीय सहकारी समिति में सोमवार को खाद लेने पहुंचे सैकड़ों किसानों ने ताला बंद देख जमकर हंगामा किया। करीब एक घंटे बाद बैंक का काम निपटा कर पहुंचे प्रभारी ने खाली गोदाम दिखाया और खाद न होने की बात कही। इसके बाद किसान मायूस होकर लौट गए।
समिति में सुबह दस बजे से किसान खाद के लिए लाइन में लग गए। उमंनिया के काशीराम, ममना के अरविंद कुशवाहा, इटायल के नंदकिशोर, टोला रावत के जयकरण, चंद्रपाल, धर्मपाल, संतोष कुमार, रमेश कुमार, सियाराम, पहरा गांव के मंसाराम, कड़ोरीलाल, रामकुमार, रविंद्र कुमार, अखिलेश ने बताया कि साढ़े ग्यारह बजे तक ताला नहीं खुला। इससे किसानों के सब्र का बांध टूट गया। आक्रोशित किसानों ने जमकर नारेबाजी की। फोन पर एसडीएम अशोक यादव को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी उमाकांत बादल ने खाद न होने की बात कह किसानों को गोदाम खोल कर दिखाया। इसके बाद किसान मायूस होकर लौट गए। प्रभारी ने बताया कि समिति के काम से बैंक गए हुए थे। चार दिन से खाद उपलब्ध नहीं है। वहीं क्रय विक्रय समिति के प्रभारी मनमोहन यादव ने बताया कि 10 अक्तूबर से खाद नहीं आई है। गल्ला मंडी के पीसीएफ केंद्र प्रभारी शहजाद ने बताया कि पांच दिन से खाद नहीं है। समितियों में खाद न होने का फायदा प्राइवेट दुकानदार उठा रहे हैं। किसानों ने बताया कि खुले बाजार में डीएपी दो सौ व यूरिया 63 रुपये महंगी मिल रही है।