मौदहा। नगर के सीएचसी में रविवार की रात शॉर्ट सर्किट से ऑफिस में आग लगने से वहां रखा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, कुछ अभिलेख भी जले हैं। आग बुझाने में एक वार्ड ब्वॉय झुलस गया। आग लगने की खबर से मौजूद मरीजों व तीमारदारों में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि आग बुझने के बाद स्टाफ सहित सभी ने राहत की सांस ली।
नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की रात ऑफिस में बिजली की शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने वहां रखे कागजात व अन्य सामान में आग पकड़ ली। इसकी जानकारी होते ही अधीक्षक डॉ.जयप्रकाश साहू के साथ स्टाफ ने आग बुझाने के उपकरणों की मदद से बुझाने के प्रयास में जुट गए। इधर, अस्पताल में आग लगने की खबर से भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल का स्टाफ जब तक आग पर काबू कर पाता ऑफिस में रखे कागजात व अन्य सामान जलकर राख हो गए। वहीं आग बुझाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलसे वार्ड ब्वॉय भूरा को भर्ती कराया गया।