हाईवे पर टकराए छह वाहन, लगा जाम
बस्ती-गोरखपुर फोरलेन पर रविवार को दिन में करीब एक बजे पुरानी बस्ती स्थित सब्जी मंडी के पास जाम के चलते वाहन धीरे-धीरे गुजर रहे थे। इसी बीच बस्ती से गोरखपुर की तरफ जा रहे ट्रक चालक ने जाम देखकर ब्रेक लगा दिया। तभी पीछे आ रही कार उसमें जा टकराई। इसी बीच एक कार और टकरा गई। इसके पीछे आ रही पिकअप को कार ने और कार को ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया दी। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। इससे हाईवे के दोनों लेन पर जाम लग गया।
हादसे के बाद कार से उतरे लोगों ने हॉकी से ट्रेलर चालक शिवकुमार निवासी कोठरा मिश्रान, थाना जिगिना, जिला मिर्जापुर की बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे थोड़ी देर के लिए हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। दूसरे चालक भी हंगामा मचाने लगे। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुरानी बस्ती एसओ अनिल दुबे पूरी टीम के साथ पहुंचे। इस बीच गंभीर रूप से घायल चालक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।