रुद्रपुर(देवरिया)। छुट्टा पशु फसलों को हानि पहुंचा रहे हैं, इससे नाराज किसान बृहस्पतिवार को करीब 150 छुट्टा पशुओं को लेकर रुद्रपुर के आदर्श चौराहे पर पहुंचे और रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसानों पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ नारेबाजी भी की। आंदोलन से हरकत में आए अफसरों को पशुओं को ट्रक में लदवाकर जंगल में भेजने की व्यवस्था करनी पड़ी। वहीं किसानों को एसडीएम ने रुद्रपुर में पशुओं का स्थाई बाड़ा बनवाने का आश्वासन दिया तब जाकर किसान माने। कस्बे में छुट्टा पशुओं की संख्या बढ़ने से सड़क पर चलना दूभर हो गया है। ये पशु खेतों में गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। छुट्टा पशुओं से तबाह किसानों ने दो दिन पहले तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से निजात दिलाने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा कार्रवाई न करने पर किसानों को आंदोलन पर उतरना पड़ा। आंदोलन को पहुंचे किसानों ने चौराहे को रस्सी से घेरकर पशुबाड़ा बना दिया। किसान सचिंद्र पांडेय, मदनमोहन त्रिपाठी, विकास पांडेय, चंद्रमा प्रकाश पांडेय, अंबुजेश पांडेय, मंटू पांडेय, संजीव कुमार, गिरीश पांडेय चंद्रभूषण तिवारी, शिवरतन पांडेय, मदन यादव, साहब यादव, हरिलाल, जमाल अहमद, रत्नेश, घनश्याम आदि ने कहा कि छुट्टा पशु फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। खरीफ और रवि की हजारों एकड़ फसल नष्ट हो चुकी है। किसानों का रुख देख एसडीएम राम विलास राम और सीओ ब्रजेंद्र राय ने आनन-फानन में ट्रक बुलाकर छुट्टा पशुओं को जंगल में भेजने की व्यवस्था की।