सलेमपुर(देवरिया)। मतगणना के दिन लेखपाल के साथ खाद्य निरीक्षक द्वारा किए गए दुर्व्यवहार से नाराज लेखपालों ने मंगलवार को तहसील दिवस से निकलते ही खाद्य निरीक्षक को घेर लिया। लेखपालों के तेवर देखकर निरीक्षक बैकफुट पर आ गए और माफी मांग ली। तब जाकर लेखपाल माने। एक दिसंबर को मतगणना में लगे कर्मचारियों के लिए भोजन का प्रबंध खाद्य विभाग की ओर से डाक बंगले में किया गया था। तहसीलदार के कहने पर वीआईपी ड्यूटी में तैनात लेखपाल ओमप्रकाश कुशवाहा व निर्वाचन लिपिक अनिरुद्ध प्रसाद डाक बंगला में भोजन करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद सलेमपुर के खाद्य निरीक्षक ने लेखपाल और लिपिक के साथ दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज लेखपालों ने मंगलवार को संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण पांडेय के नेतृत्व में तहसील दिवस के बाद एसडीएम के साथ बाहर निकल रहे खाद्य निरीक्षक को घेर कर हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख खाद्य निरीक्षक बैकफुट पर आ गए। एसडीएम घनश्याम के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इस दौरान अवधेश दूबे, सुनील श्रीवास्तव, अश्वनी पांडेय, दिनेश लाल श्रीवास्तव, हरिश्चन्द्र यादव, गोतम प्रसाद, नेहा सिंह, शिक्षा तिवारी, कल्पना पाण्डेय, संध्या चौरसिया, प्रीति मिश्रा आदि मौजूद रहीं।