{"_id":"6696bddb2ec8b9766201c308","slug":"uproar-vandalism-at-power-substation-road-jam-for-five-hours-gonda-news-c-100-1-gon1003-120329-2024-07-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gonda News: बिजली उपकेंद्र पर हंगामा, तोड़फोड़, पांच घंटे सड़क जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gonda News: बिजली उपकेंद्र पर हंगामा, तोड़फोड़, पांच घंटे सड़क जाम
Wed, 17 Jul 2024 12:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
Updated Wed, 17 Jul 2024 12:07 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। अघोषित बिजली कटौती से नाराज सैकड़ों लोगों ने सोमवार देर रात शुक्लगंज विद्युत उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि लोगों ने एसएसओ समेत अन्य कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इतना ही नहीं सूचना पर पहुंची यूपी 112 की पुलिस टीम की मौजूदगी में कंट्रोल रूम और उपकेंद्र में बाहर से ताला लगा दिया। साथ ही रगड़गंज-परसपुर मार्ग जाम कर करीब पांच घंटे तक हंगामा किया। उपकेंद्र में तोड़फोड़ का भी आरोप है। देर रात भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया।
शुक्लगंज विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ श्रीनरायन शुक्ल ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा दस बजे वह साथी एसएसओ श्याम जी मिश्र के साथ ड्यूटी कर रहे थे। तभी उमरी रोड रगड़गंज मार्केट निवासी चांद बाबू ने उपकेंद्र पर पहुंचकर जुलूस निकालने की जानकारी दी। कोई अनहोनी न हो, इसके लिए संबंधित फीडर बंद कर दिया गया। जेई आमोद कुमार का आरोप है कि रगड़गंज निवासी रामकुमार गुप्ता और चांदपुर निवासी लल्लू दूबे 40 से 50 लोगों के साथ उपकेंद्र पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने का दबाव बनाने लगे तो एसएसओ ने शटडाउन तक आपूर्ति बहाल करने से इन्कार कर दिया। नाराज लोगों ने मंगुरा, डेहरास, उमरी समेत सभी फीडर जबरदस्ती बंद करा दिए। कुर्सियां फेंकने के साथ ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। लॉगशीट फाड़ने का भी आरोप है।
विज्ञापन
एसएसओ श्रीनरायन शुक्ल ने जेई आमोद कुमार के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के सामने ही नाराज लोगों ने कंट्रोल रूम और परिसर के गेट में बाहर से ताला जड़ दिया। रगड़गंज-परसपुर रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। भारी हंगामे के बीच विद्युत कर्मी कई घंटे तक परिसर में ही कैद रहे। तरबगंज इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह ने बताया कि रात करीब सवा दो बजे लोगों को समझा-बुझाकर परिसर का ताला खुलवा दिया गया। साथ ही बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
विज्ञापन
सुबह से ही ठप रही आपूर्ति
एसएसओ ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे से ही ब्रेकर रिपेयर का काम चल रहा था। ऐसे में शाम सात बजे आपूर्ति बहाल कराई गई थी। इसी बीच जुलूस की सूचना के चलते दोबारा फीडर बंद करना पड़ा। इसी से नाराज लोगों ने बिजली उपकेंद्र घेर लिया। साथ ही बदसलूकी शुरू कर दी। वहीं बातचीत के दौरान तोड़फोड़ से दोनों कर्मचारी सहम गए। हालांकि देर रात एक्सईएन विकास शर्मा ने फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीओ लल्लन कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। साथ ही कार्रवाई की मांग की गई है।
चार घंटे बाद पहुंची थाने की पुलिस
मुहर्रम के जुलूस के चलते करीब चार घंटे बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच सकी। इस दौरान यूपी 112 के दो सिपाही गुस्साई भीड़ के आगे घंटों तक बेबस खड़े रहे। सीओ तरबगंज विनय कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर रगड़गंज चौकी में दोनों पक्षों से बातचीत की। साथ ही शांति व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।