फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gonda News ›   Representative rule in 12 blocks and 300 panchayats

Gonda News: 12 ब्लॉकों व 300 पंचायतों में चल रहा प्रतिनिधि-राज

Sat, 11 Mar 2023 11:29 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा Updated Sat, 11 Mar 2023 11:29 PM IST
विज्ञापन
Representative rule in 12 blocks and 300 panchayats
गोंडा। जिला पंचायत की बैठक में सीडीओ एम. अरुन्मोली की सख्ती से प्रतिनिधि राज पर ब्रेक लगा है। प्रतिनिधियों में खलबली भी मची है मगर इस पर रोक की राह इतनी आसान नहीं है। जिले के 12 ब्लॉकों के साथ ही 300 पंचायतों में ग्राम प्रधानों के प्रतिनिधि ही सारा कामकाज देख रहे हैं। यहां तक कि मुहर अपनी जेब में रखे रहते हैं। महिला प्रधानों का काम तो उनके बेटे के साथ ही ससुर व पति तक देखते हैं।
विज्ञापन

जिले की 1,214 ग्राम पंचायतों में से करीब तीन सौ में ‘प्रतिनिधि-राज’ कायम है। यहां महिला प्रधान हैं या फिर आरक्षित वर्ग के प्रधान हैं। अब प्रतिनिधि राज पर रोक लगाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान की जरूरत है। क्षेत्र पंचायतों में तो अक्सर प्रतिनिधियों का ही दबदबा रहता है। इस बार तो ज्यादातर ब्लॉकों में सांसद व विधायकों के ही परिवारीजन प्रमुख हैं। ऐसे में वास्तविक प्रमुख को बुलाने की हिम्मत स्थानीय अधिकारियों में भी नहीं रहती।
विज्ञापन


मेहनौन के भाजपा विधायक विनय द्विवेदी की पत्नी पूनम द्विवेदी इटियाथोक ब्लॉक की प्रमुख हैं, जो सक्रिय रहती हैं। छपिया ब्लॉक में अनिल पासवान, बेलसर से राजेंद्र प्रताप उर्फ गुड्डू सिंह, तरबगंज से विधायक प्रेम नरायन पांडेय के पुत्र मनोज कुमार पांडेय, मनकापुर से जगदेव चौधरी प्रमुख हैं जो खुद काम देखते हैं। इसके अलावा ज्यादातर क्षेत्र पंचायतों में प्रतिनिधियों का सीधा दखल दिखता है। ऐसा तब है, जब पंचायतीराज अधिनियम में प्रतिनिधि की कोई व्यवस्था ही नहीं है। अब सीडीओ की हनक से क्या बदलाव होता है, ये आने वाला समय ही बताएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


अगस्त 2019 में तत्कालीन डीएम डॉ. नितिन बंसल की बैठक में मुजेहना ब्लॉक के बनकसिया शिवरतन सिंह की प्रधान सुषमा के स्थान पर प्रतिनिधि पंकज सिंह पहुंच गए थे। बैठक में डीएम ने सुषमा का नाम लिया तो पंकज खड़े हो गए थे। इस पर डीएम ने एफआईआर के आदेश के साथ ही ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया था।
रुपईडीह ब्लॉक में पूर्व मंत्री स्व. विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह की अनुज वधु बबिता सिंह ब्लॉक प्रमुख हैं। उनके पति व सपा नेता महेश सिंह ही कामकाज देखते हैं। कटरा बाजार में भाजपा के भवानी भीख शुक्ल की पत्नी जुगरानी शुक्ला प्रमुख हैं, लेकिन कामकाज भवानी भीख ही देखते हैं। भाजपा विधायक बावन सिंह की पुत्र वधू रिचा सिंह हलधरमऊ से प्रमुख हैं, लेकिन प्रमुखी रिचा के पति वैभव सिंह उर्फ मोनू के हाथ में ही रहती है।

गौरा से भाजपा विधायक प्रभात वर्मा की अनुज वधू मधूलिका पटेल बभनजोत की ब्लॉक प्रमुख हैं। झंझरी से भाजपा की रेखा मिश्रा ऑन रिकॉर्ड क्षेत्र पंचायत प्रमुख हैं लेकिन सारा कामकाज उनके बेटे आशीष मिश्र देखते हैं।

इटियाथोक से मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी की पत्नी पूनम द्विवेदी व परसपुर में करनैलगंज विधायक अजय सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह ब्लॉक प्रमुख हैं। करनैलगंज से तिलफा देवी प्रमुख हैं लेकिन कामकाज पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के करीबी ही देखते हैं। नवाबगंज से कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह की अनुज वधू अरुंधति सिंह प्रमुख हैं। वजीरगंज की प्रमुख अनीता यादव हैं मगर कामकाज स्थानीय भाजपा नेता आत्मप्रकाश उर्फ पंकज सिंह देखते हैं। पंडरीकृपाल में भाजपा की प्रियंका गौतम प्रमुख हैं, लेकिन कामकाज पूर्व प्रमुख रजीव उर्फ बिट्टू सिंह देखते हैं। मुजेहना ब्लॉक में कुसमा देवी प्रमुख हैं, मगर यहां भाजपा नेता शेषराम बारी का दखल है।

जिले की 1,214 ग्राम पंचायतों में से करीब 300 में प्रतिनिधियों का ही प्रभाव है। सर्वाधिक दखल कटरा बाजार में है, जहां तीन पंचायतों में एक ही परिवार के प्रधान हैं। यहां की 18 पंचायतों में प्रतिनिधिराज है। इसी तरह करनैलगंज में 16, बेलसर में 17, परसपुर में 15, हलधरमऊ में 14, रुपईडीह में 23, पंडरीकृपाल में 17, इटियाथोक में 14, मुजेहना में 15, मनकापुर में 16, छपिया में 15, बभनजोत में 20, नवाबगंज में 25, वजीरगंज में 25, तरबगंज में 30, झंझरी में 20 पंचायतों में प्रतिनिधि ही काम देख रहे हैं। इससे पंचायतों में सचिवों को भी दिक्कत होती है। डीपीआरओ लालजी दूबे कहते हैं शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की जाती है। जल्द ही ब्लाकों से रिपोर्ट ली जाएगी।

जिला पंचायतराज अधिकारी लालजी दूबे का कहना है कि पंचायतों में प्रतिनिधियों की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रतिनिधियों के दखल की शिकायतें मिलीं हैं। एक मामला आया है, जिसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed