दहेज के लिए महिला को जिंदा जलाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दहेज में एक लाख रुपये नहीं मिले तो ससुराल वालों ने महिला को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में महिला की मां ने मनकापुर कोतवाली में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा गांव के मजरा सुब्बा पुरवा की रहने वाली शकुंतला देवी पत्नी किशोरी लाल ने गुरुवार को कोतवाली मनकापुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी बेटी कंचन देवी (22) की शादी तीन साल पहले कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के पटेल नगर मोहल्ले के रहने वाले तिलकराम के बेटे महेंद्र बरवार उर्फ मिंटू के साथ की थी। शादी के एक साल बाद ही ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। इसके लिए ससुराल वाले कंचन को प्रताड़ित किया करते थे। शकुंतला का आरोप है कि दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वाले गुरुवार सुबह नौ बजे कंचन को मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे में ले गए और कंचन पर केरोसिन डालकर उसे जिंदा जला दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में शकुंतला ने कोतवाली मनकापुर में पति महेंद्र कुमार बरवार उर्फ मिंटू, सास कृष्णा देवी व ननद प्रिया के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी महेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।