UP News: हेराफेरी कर 54 लोगों ने बैंक से निकाले 12.67 करोड़, केसीसी बनवाकर किया खेल
भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा में जिन लोगों के मामले पकड़ में आए हैं, उन लोगों ने अन्य बैंकों में भी खाता खुलवा लिया था। इससे संदेह और बढ़ गया। बैंक ने खातों की जांच किया तो फर्जीवाड़ा सामने आया।
विस्तार
भारतीय स्टेट बैंक की कृषि शाखा में 12 करोड़ 67 लाख रुपये के भुगतान में हेराफेरी का मामला सामने आया है। बैंक में 54 लोगों ने केसीसी बनाकर धन की निकासी किया। किसी ने केसीसी से निकाले गए धनराशि को जमा भी नहीं किया है, जबकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पहले निकाली गई धनराशि जमा करनी होती है।
बैंक में हेराफेरी का मामला आंतरिक जांच में सामने आया है। इसके बाद बैंक में खलबली मची है। शाखा प्रबंधक अनिल कुमार ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। पुलिस अभी मामले की छानबीन में जुटी है। भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा में केसीसी बनवाकर ऋण निकालने का खेल साल 2015 से शुरू हुआ। इस साल में चार लोगों ने पहले रुपये निकाले।
इसके बाद साल 2016 में छह लोगों ने निकाले और साल 2018 में 10 लोगों ने केसीसी से रुपये निकाले और फिर जमा नहीं किया। साल 2019 में 33 लोगों और साल 2020 में एक ने केसीसी बनवाया। इस तरह पांच सालों में 54 लोगों ने किसान के रूप में केसीसी बनवाकर रुपये निकाले। बैंक को लगातार रुपये जमा न होने पर आंतरिक जांच शुरू हुई तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद बैंक में खलबली मची है। फिलहाल अब मामले की जांच पुलिस कर रही है। शाखा प्रबंधक की ओर से दी गई तहरीर के हिसाब से मामले की छानबीन हो रही है।
केसीसी बनवाने वालों ने कई और बैंकों में खोला खाता
भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा में जिन लोगों के मामले पकड़ में आए हैं, उन लोगों ने अन्य बैंकों में भी खाता खुलवा लिया था। इससे संदेह और बढ़ गया। बैंक ने खातों की जांच किया तो फर्जीवाड़ा सामने आया। अब किसान बनकर केसीसी बनवाने वाले ही खोजे नहीं मिल रहे हैं।
शाखा प्रबंधक की तहरीर मिली है, जानकारी किया जा रहा है। जांच के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - राकेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर