{"_id":"68e5577bb24c14e2a909accf","slug":"14866-candidates-will-appear-for-the-pcs-preliminary-exam-at-18-centres-gonda-news-c-100-1-gon1003-145128-2025-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gonda News: 18 केंद्रों पर 14,866 अभ्यर्थी देंगे पीसीएस प्री की परीक्षा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gonda News: 18 केंद्रों पर 14,866 अभ्यर्थी देंगे पीसीएस प्री की परीक्षा
Tue, 07 Oct 2025 11:40 PM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
Updated Tue, 07 Oct 2025 11:40 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जिले के 18 केंद्रों पर 12 अक्तूबर को होने वाली उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी तेज हो गई है। बिजली, पानी समेत स्वास्थ्य सेवाओं के इंतजाम दुरुस्त किए जा रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक और अपराह्न 02:30 से 04:30 बजे तक होगी। दोनों पालियाें में 14,866 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि पीसीएस प्री परीक्षा कराने के लिए शहर के साथ ही मनकापुर, तरबगंज, नवाबगंज, इटियाथोक, डुमरियाडीह समेत अन्य इलाकों के 18 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के लिए 336 से अधिक कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए एसटीएफ व स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय किया गया है। किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
आवागमन की सुविधा के लिए परिवहन निगम को बसों के साथ ही यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। निर्बाध विद्युत व्यवस्था, पानी व स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एबुलेंस व फायरब्रिगेड भी तैनात की जाएगी।
विज्ञापन
आज होगी तैयारियों की समीक्षा
जिला पंचायत सभागार में बुधवार को डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में तीन चरणों में बैठक आयोजित करके परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पहले चरण में दोपहर एक बजे आयोजित बैठक में सभी 18 केंद्रों के सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही एसपी, डाक अधीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी, बीएसए व स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी शामिल होंगे। दो बजे आयोजित बैठक में शहर के परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक शामिल होंगे। इसी तरह से तीन बजे आयोजित बैठक में तहसील व आसपास क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक के साथ ही कक्ष निरीक्षक शामिल होंगे।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
शहर के जीआईसी, जीजीआईसी, शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज, जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक, एलबीएस पीजी कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी, कन्हैयालाल इंटर कॉलेज करनैलगंज, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज नवाबगंज, आरपी आदर्श इंटर कॉलेज, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी स्मारक इंटर कॉलेज डुमरियाडीह, एपी इंटर कॉलेज मनकापुर, नगर पालिका इंटर कॉलेज नवाबगंज, जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक और महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज तरबगंज में परीक्षा होगी।