गाजीपुर: गांजा पी रहे युवकों को टोकना पुलिस को पड़ा महंगा, दो सिपाहियों को पीटा, पथराव में पांच पुलिसकर्मी घायल
आरक्षी प्रकाश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस ने 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में सीओ के नेतृत्व में पहुंची पांच थानों की पुलिस ने लाठियां भांज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। मामले में मुकदमा दर्जकर 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को सभी का चालान कर दिया गया। पांडेय मोड़ तिराहा के पास कुछ वनवासी मजदूर बैठे थे।
पुलिस के अनुसार, उनमें कुछ गांजा पी रहे थे। इस पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही अंकित कुमार और प्रकाश ने उनको टोकते हुए घर जाने के लिए कहा। इस पर वे सिपाहियों से उलझ गए और हाथापाई करने लगे। सिपाहियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची तो बस्ती से 40 से 50 लोग जुट गए और पुलिस पर पथराव करने लगे।
इसमें पांच पुलिसकर्मी अमरजीत यादव, रंजित कुमार, अंकित कुमार राकेश सिंह और प्रकाश घायल हो गए। पुलिस की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। सूचना पर सीओ हितेंद्र कृष्ण और कोतवाल संपूर्णानंद राय और दिलदारनगर, गहमर, सुहवल, रेवतीपुर और नगसर थाने की पुलिस पहुंच गई और लाठियां भांज कर उपद्रवियों को खदेड़ा।
इसके बाद भैदपुर गांव की मुसहर बस्ती में रात भर तलाशी अभियान चलाया गया। आरक्षी प्रकाश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस ने 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि रात की घटना है। पिकेट पर तैनात सिपाही पांडेयपुर तिराहे के पास थे। उन्होंने देखा कि चार लड़के गांजा पी रहे हैं।
वे उन्हें पकड़ने के लिए बढ़े, तो उनमें से एक ने सिपाही पर बेलचा से प्रहार कर दिया। दूसरे सिपाही ने मोबाइल से कोतवाली में सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची तो बस्ती से महिलाएं और पुरुष आ गए व पथराव करने लगे। इस मामले में 20 पुरुष और छह महिलाएं गिरफ्तार की गई हैं। उनका चालान कर दिया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने विरेंद्र, मोहन वर्मा, चंदन वर्मा, सोहन वर्मा, संजय, मंगरु उर्फ अनिल, उपेन्द्र, पारस, अजय, रमेश, शिवजी वर्मा, दासी, बुल्लू, पिंटू, सुरेश बनवासी, छोटू बिंद, लालमनि, ज्ञानेंद्र, हेमंत कुमार, राजेश, मीरा, लक्ष्मीना, सावित्री वर्मा, रंजू, सीमा, सोनिया निवासी भैदपुर को गिरफ्तार कर लिया।