गाजीपुर में महिला कोरोना संक्रमित मिली, बलिया में क्षेत्राधिकारी और चिकित्सक समेत मिले चार कोरोना पॉजिटिव
गाजीपुर जिले में शनिवार की देर रात एक और महिला की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। संक्रमित का बीएचयू में उपचार चल रहा है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 372 हो गई। इनमें एक्टिव केस 53 हैं। 315 स्वस्थ हो चुके हैं। चार की मौत हो चुकी है।
सीएमओ डॉ. जीसी मौर्या ने इसकी पुष्टि की है। सैदपुर नगर पंचायत की एक महिला के सिर में गंभीर चोट लगने पर परिजन उपचार के लिए वाराणसी ले गए थे। वहां डाक्टरों ने महिला मरीज की स्वैब जांच कराई तो वह कोरोना पॉजिटिव मिली। सर्वे टीम ने संक्रमित महिला के परिजनों एवं सीधे संपर्क में आए लोगों की शिनाख्त शुरू कर दी है।
बलिया में चार संक्रमित मिलने से संक्रमितों की संख्या हुई 170
बलिया जिले में शनिवार की देर रात चार नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 170 हो गई है। इसमें से 102 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। डीएम ने इसकी पुष्टि की है। डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि जिला चिकित्सालय के एक चिकित्सक एवं जिला महिला चिकित्सालय की एक दाई पॉजिटिव पाई गई है।
इसके अलावा बांसडीहरोड थाना के शिवबिहार कॉलोनी (परिखरा) में एक महिला संक्रमित मिली है। रसड़ा सीओ भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा जिले के निवासी चार लोग दूसरे जनपद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब संक्रमितों की संख्या 170 हो गई। इनमें एक्टिव केस 68 हैं।