गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतदाता पुनरीक्षण 15 सितंबर से शुरू होने वाला है। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरा कर लेने वाले मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृतकों का नाम सूची से हटाने एवं अन्य आवश्यक संशोधन की कवायद की जाएगी। हालांकि इस संदर्भ में अभी कोई निर्देश प्राप्त नहीं है। इसके बावजूद तैयारियां की जा रही है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। न ही ग्राम पंचायतों के आरक्षण की प्रक्रिया ही पूरी की गई है। बावजूद इसके चुनाव की सरगर्मी बढ़ने लगी है। चुनाव में ताल ठोंकने वाले लोगों को भरोसा है कि कोरोना काल के चलते भले ही इस चुनाव की घोषणा में विलंब है लेकिन जल्द ही चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। इस उम्मीद पर संभावित प्रत्याशी मतदाताओं के बीच पैठ बनाने में जुट गए हैं। उधर आगामी चुनाव के मद्देनजर संबंधित विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तैयारी की जा रही है। अभियान के तहत बीएलओ की ओर से 18 वर्ष पूरी करने वाले लोगों का नाम सूची में शामिल करने के साथ ही अपमार्जन एवं संशोधन का कार्य घर-घर सर्वे कर किया जाएगा। मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के साथ ही बूथों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है। बूथों पर बिजली, पानी जैसी न्यूनतम सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी कवायद की जाएगी। लिखित प्रभावी आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन निर्देश मिलते ही प्रशासन की ओर से तैयारी तेज कर दी जाएगी।