सैदपुर क्षेत्र के अठगांवा स्थित लोधी सिंह द्वारिका सिंह हॉकी स्टेडियम पर स्व. शिवशंकर सिंह की स्मृति और स्व. हरिकेश सिंह बब्लू स्मारक अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मैचों में वाराणसी हॉस्टल, गाजीपुर और एलएसडीएस अठगांवा ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला मैच वाराणसी हॉस्टल और सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी हॉस्टल के नवीन ने 27वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। सैफई कॉलेज कोई गोल नहीं कर सका। इस तरह वाराणसी हॉस्टल ने 1-0 से जीत दर्ज की। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच विवेक हॉकी अकादमी वाराणसी एवं गाज़ीपुर के बीच खेला गया जिसमें विवेक हॉकी अकादमी के आकाश पटेल ने 16वें मिनट में एक गोल किया। इसके बाद गाजीपुर की ओर से रोहन ने 54वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में गाजीपुर ने विवेक हॉकी एकेडमी वाराणसी को 5-3 से पराजित कर दिया। तीसरा मैच एलएसडीएस अठगांवा और तरवां के बीच खेला गया जिसमें अठगांवा की ओर से तीसरे और छठवें मिनट में विजय ने और 25वें व 35वें मिनट में पवन ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। तरवां की टीम ने 34वें मिनट में एक गोल किया। इस तरह मेजबान एलएसडीएस अठगांवा की टीम 4-1 से विजयी हुई। अंपायर आशीष सिंह, शैलेश सिंह, सौरभ, मुमताज़ तथा हरेंद्र चौधरी थे। जबकि उद्घोषक संतोष कुमार रघुवंशी रहे।