गाजीपुरः सावन के पहले सोमवार पर दर्शन-पूजन से पहले गंगा में नहाते समय दो युवक डूबे
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की की मदद से दोनों युवकों की तलाश कराई जा रही थी लेकिन काफी प्रयास के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका था। इसके बाद पुलिस ने गंगा में जाल डालकर दोनों को तलाश की।
विस्तार
गाजीपुर जिले में मुहम्मदाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर घाट पर सावन के पहले सोमवार पर गंगा स्नान करते समय रोहित यादव (20) और अक्षय लाल यादव (25) डूब गये। स्नान के बाद दोनों महादेवा स्थित सोमेश्वर महादेव के दर्शन पूजन और जलाभिषेक वाले थे। जानकारी होने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश शुरू करा दी लेकिन शाम तक दोनों का पता नहीं चला था। घाट पर पहुंचे युवकों के परिजन बेहाल दिखे।
सावन के पहले सोमवार को बैरान के नजदीक ककरहिया गांव के कुछ युवक गंगा स्नान के लिए सुल्तानपुर गंगा घाट पर सुबह स्नान कर रहे थे। सावन का पहला सोमवार होने के कारण उनमें एक अलग ही उत्साह था। स्नान के बाद उनकी योजना महादेवा स्थित सोमेश्वर महादेव के दर्शन पूजन और जलाभिषेक की थी।
स्नान करते समय रोहित यादव (20) और अक्षय लाल यादव (25) तैरते हुए आगे बढ़ गए और गंगा की तेज धारा में समा गए। दोनों युवकों को डूबता देख गंगा किनारे स्नान कर रहे अन्य लोग चिल्लाने लगे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की की मदद से दोनों युवकों की तलाश कराई जा रही थी लेकिन काफी प्रयास के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका था।
इसके बाद पुलिस ने गंगा में जाल डालकर दोनों को तलाश की। घटना की सूचना मिलने पर दोनों युवकों के परिजन गंगा घाट पहुंचे और बिलखने लगे। परिवार के लोग भी गंगा के किनारे घाटों पर युवकों की तलाश करने में लगे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस संबंध में कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश जारी है।
पूजा करने जा रही महिला की ट्रेन से कटकर मौत
नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी हाल्ट के पास सोमवार ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना में भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी रजादी सुरेंद्र नाथ सिंह को ग्रामीणों ने जानकारी दी कि सहेड़ी हाल्ट के पास एक महिला ट्रेन से कट गई है।
मौके पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया विफल होने पर शव को थाने ले आई। यहां चौकी प्रभारी ने शव के शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। कुछ देर बाद थाने पहुंचे मृतका के पति ओमप्रकाश ने महिला की शिनाख्त पठानपुर गांव निवासी संसा देवी (36) के रूप में की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि महिला पूजा करने सहेड़ी गांव स्थित शिव मंदिर गई थी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं था। उसका उपचार वाराणसी के चिकित्सक से चल रहा था। शव देख पति ओमप्रकाश और बच्चे रोने-बिलखने लगे। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।