गाजीपुर: बाइक से सड़क पर गिरी महिला को ट्रक ने कुचला, बेटे की आंखों के सामने मां ने तोड़ा दम
हादसे का बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतका के बेटे ने मुकदमा दर्ज कराया है, पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के मच्छटी पुलिस चौकी से 100 मीटर आगे शनिवार को ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होने से पुत्र के साथ घर जा रही महिला सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से कुचलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नोनहरा थाना क्षेत्र के शाहपुर सिरीडिह गांव निवासी जमानती देवी(50) चार दिन पूर्व लोहारपुर स्थित अपने मायके आई थी। दोपहर करीब एक बजे वह अपने पुत्र बबलू कुमार राम के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रही थी। मच्छटी पुलिस चौकी से 100 मीटर आगे गाजीपुर-भरौली मार्ग पर बने ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिर पड़ी और पुत्र बाइक लेकर कुछ दूर आगे निकल गया।
सड़क पर गिरी महिला जब-तक अपने आप संभालती पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक का अगला पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे, तब-तक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आवाज सुनकर पुत्र भी बाइक मुड़ाकर घटना स्थल पहुंचा तो मां को मृत देखकर बिलखने लगा।
इधर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी ट्रक को पकड़ने के लिए पीछा करने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस शव लेकर थाने पहुंची। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे।
पुत्र ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्जकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।